PM मोदी की अपील पर काफिला घटाने से पीछे हटे सांसद ढुलू महतो, बोले- “माफिया गिरा देगा”

PM मोदी की अपील पर काफिला घटाने से पीछे हटे सांसद ढुलू महतो, बोले- “माफिया गिरा देगा

Johar News Times
2 Min Read

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और पेट्रोलियम संकट के बीच नरेंद्र मोदी ने नेताओं और मंत्रियों से अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम करने की अपील की है। इसी मुद्दे पर धनबाद में भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया चर्चा का विषय बन गई।

धनबाद दौरे पर पहुंचे बाबूलाल मरांडी ने कहा कि वे प्रधानमंत्री की अपील का पालन करते हुए अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम करेंगे।

वहीं उनके साथ मौजूद धनबाद सांसद ढुलु महतो ने काफिला घटाने से इन्कार करते हुए कहा, “काफिले में वाहनों और लोगों की संख्या घटाएंगे तो माफिया गिरा देगा।”

ढुलू महतो का कहना है कि धनबाद में उन्हें माफिया गिरोहों से लगातार खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि मौका मिलने पर उनकी हत्या कराई जा सकती है, इसलिए सुरक्षा कारणों से बड़ा काफिला जरूरी है।

मालूम हो कि केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से उन्हें वाई श्रेणी की सुरक्षा दी गई है और उनकी सुरक्षा में सीआरपीएफ के जवान भी तैनात हैं। सांसद ने कहा कि धनबाद जैसे संवेदनशील इलाके में सुरक्षा के लिहाज से काफिले के साथ चलना मजबूरी है। उनके बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। कुछ लोग इसे सुरक्षा से जुड़ी वास्तविक चिंता मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे प्रधानमंत्री की अपील के विपरीत बता रहे हैं।

Share This Article