जमशेदपुर: खरीफ सीजन की तैयारी के बीच पूर्वी सिंहभूम के करीब 85 हजार पंजीकृत किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर बीज उपलब्ध कराया जाएगा। कृषि विभाग ने धान, मक्का, अरहर, मूंग, उड़द, मूंगफली, ज्वार और मडुआ समेत विभिन्न फसलों के बीज वितरण की योजना बनाई है। जिले में किसानों की कुल संख्या लगभग 1.05 लाख है।
कृषि विभाग ने बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कृषि निदेशालय को मांग भेज दी है। जून के पहले सप्ताह से पंचायत और प्रखंड स्तर पर बीज वितरण शुरू होने की संभावना है। प्री-मानसून बारिश के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में खेती-किसानी की गतिविधियां तेज हो गई हैं और किसान धान का बिचड़ा तैयार करने, खेतों की जुताई तथा मेड़बंदी में जुट गए हैं। इस बार विभाग कम बारिश की स्थिति में भी बेहतर उत्पादन देने वाली उन्नत धान किस्मों पर विशेष जोर दे रहा है। किसानों के बीच करीब 2600 क्विंटल धान बीज का वितरण किया जाएगा। इसमें एमटीयू-7029 (स्वर्णा), डीआरआरएच-03, आईआर-64 और आईआर-64 (डीआरटी-1) जैसी किस्में शामिल हैं।
पूर्व जिला कृषि पदाधिकारी सह कृषि वैज्ञानिक कालीपद महतो ने बताया कि पोटका, मुसाबनी, डुमरिया और घाटशिला क्षेत्र की बलुई दोमट मिट्टी मूंगफली की खेती के लिए बेहद उपयुक्त है। इन इलाकों में जल जमाव नहीं होने से मूंगफली की अच्छी पैदावार होती है। उन्होंने किसानों को धान के साथ ऊंची जमीन पर मूंगफली की खेती कर अतिरिक्त आय अर्जित करने की सलाह दी। जिला कृषि पदाधिकारी विवेक विरूआ ने बताया कि कृषि निदेशालय को बीज की मांग भेज दी गई है। बीज उपलब्ध होते ही किसानों के बीच वितरण शुरू कर दिया जाएगा। विभाग फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए दलहन और तिलहन फसलों की खेती पर भी विशेष जोर दे रहा है।
