वनांचल एक्सप्रेस में 59 लाख के 174 मोबाइल जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार; राजमहल में युवती से 90 हजार की साइबर ठगी

वनांचल एक्सप्रेस में 59 लाख के 174 मोबाइल जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार; राजमहल में युवती से 90 हजार की साइबर ठगी

Johar News Times
2 Min Read

साहिबगंज: मालदा रेल मंडल के बरहड़वा स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वनांचल एक्सप्रेस से करीब 59 लाख रुपये मूल्य के 174 पुराने एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर रेल थाना बरहड़वा के हवाले कर दिया गया है। वहीं जिले के राजमहल थाना क्षेत्र में एक युवती साइबर ठगी का शिकार हो गई, जिसके बैंक खाते से 90 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई।

आरपीएफ को गुरुवार को गुप्त सूचना मिली थी कि अप वनांचल एक्सप्रेस (13403) से दो व्यक्ति बड़ी संख्या में मोबाइल फोन लेकर बरहड़वा की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में गुमानी से बरहड़वा तक विशेष जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान ट्रेन के जनरल कोच (ईआर-104464) से मालदा के कालियाचक निवासी मो. नासरुद्दीन (28) और मो. रहमत शेख (23) को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके बैग से कुल 174 पुराने एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए। जब्त मोबाइलों की अनुमानित बाजार कीमत 58 लाख 95 हजार 878 रुपये बताई गई है। आरपीएफ ने दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना बरहड़वा को सुपुर्द कर दिया है।

उधर, राजमहल थाना क्षेत्र के बुधवारिया निवासी मौलिका कुमारी साइबर ठगी का शिकार हो गईं। पीड़िता के अनुसार 7 जून की शाम उनके मोबाइल पर अपडेट संबंधी एक संदेश आया, जिसके बाद मोबाइल ने काम करना बंद कर दिया। कुछ समय बाद मोबाइल चालू होने पर पता चला कि उनके एसबीआई खाते से 30-30 हजार रुपये की तीन किस्तों में कुल 90 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share This Article