सावधान! पेट और दिल के पास पानी भरना हो सकता है जानलेवा, जानें इसके कारण और लक्षण

क्सर लोग पेट के अचानक फूलने या सांस फूलने को सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं,

Johar News Times
3 Min Read

शरीर में पानी की कमी (Dehydration) होना जितना नुकसानदेह है, शरीर के संवेदनशील अंगों में जरूरत से ज्यादा फ्लूइड (तरल पदार्थ) का जमा होना उससे कहीं ज्यादा खतरनाक हो सकता है. अक्सर लोग पेट के अचानक फूलने या सांस फूलने को सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यह शरीर के अंदर पनप रही किसी गंभीर बीमारी का शुरुआती संकेत हो सकता है. डॉक्टरों के मुताबिक, दिल और पेट के आसपास पानी भरना बेहद संवेदनशील स्थिति है, जिसे समय रहते पहचानना जरूरी है.

1. पेट में पानी भरना : क्यों और किसे होती है यह समस्या?

हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन Cleveland Clinic के अनुसार, पेट में असामान्य रूप से तरल पदार्थ जमा होने की स्थिति को एसाइटिस (Ascites) कहा जाता है.

  • सबसे बड़ा कारण: यह समस्या सबसे ज्यादा लिवर सिरोसिस के मरीजों में देखी जाती है. जब लिवर गंभीर रूप से डैमेज होने लगता है, तो शरीर में नमक और पानी का संतुलन बिगड़ जाता है.
  • दैनिक गलतियां: लंबे समय तक अत्यधिक शराब का सेवन, हेपेटाइटिस बी और सी का इलाज न कराना और लिवर की सेहत को लगातार नजरअंदाज करना इसकी मुख्य वजह है.

प्रमुख लक्षण:

  • पेट का अचानक और असामान्य रूप से बाहर निकलना.
  • तेजी से वजन बढ़ना.
  • टखनों और पैरों में सूजन (Edema).
  • पेट में दर्द, भारीपन और लगातार थकान महसूस होना.

2. हार्ट में पानी भरना : कितना बड़ा है खतरा?

दिल के आसपास पानी भरने की मेडिकल स्थिति को पेरिकार्डियल इफ्यूजन (Pericardial Effusion) कहा जाता है. यह तब होता है जब दिल को सुरक्षित रखने वाली थैली (Pericardium) में जरूरत से ज्यादा पानी जमा हो जाता है.

  • क्यों बढ़ती है दिक्कत: शरीर में किसी इंफेक्शन का इलाज टालना, किडनी या लिवर की बीमारियों को नजरअंदाज करना इसका जोखिम बढ़ा देता है.
  • जानलेवा स्थिति: जब दिल के चारों ओर पानी का दबाव बहुत ज्यादा बढ़ जाता है, तो दिल को पंप करने में दिक्कत होती है. यह स्थिति मरीज के लिए जानलेवा भी साबित हो सकती है.

प्रमुख लक्षण:

  • सीने में लगातार दर्द या भारीपन.
  • मामूली काम करने पर भी सांस फूलना.
  • दिल की धड़कन (Heart Rate) का अचानक तेज होना.
  • चक्कर आना और शरीर में अत्यधिक कमजोरी.

इन लक्षणों को भूलकर भी न करें नजरअंदाज

डॉक्टरों के अनुसार, यदि आपको अपने शरीर में नीचे दिए गए बदलाव दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और जरूरी टेस्ट करवाएं:

बिना किसी कारण के पेट का फूलना, अचानक वजन बढ़ना, लेटने या चलने पर सांस लेने में तकलीफ होना और सीने में दर्द. समय पर पहचान और सही इलाज ही इस गंभीर स्थिति से आपको बचा सकता है.

Share This Article