बोकारो: बोकारोवासियों का मेडिकल कॉलेज का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। झारखंड सरकार ने दावा किया है कि सेक्टर-12 में निर्माणाधीन सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परियोजना में वर्ष 2027-28 से नामांकन और शैक्षणिक गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने 10 जून को निर्माणाधीन परियोजना का निरीक्षण कर कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल भवन, मेडिकल कॉलेज भवन, ऑडिटोरियम, गेस्ट हाउस, छात्र-छात्रा छात्रावास, इंटर्न हॉस्टल, नर्स हॉस्टल, रेजिडेंट डॉक्टर हॉस्टल, कम्युनिटी सेंटर, स्टूडेंट रिक्रिएशन सेंटर, पेशेंट रिलेटिव एकोमोडेशन, एसटीपी, ईटीपी और अंडरग्राउंड वाटर टैंक समेत विभिन्न निर्माणाधीन संरचनाओं का जायजा लिया।
अपर मुख्य सचिव ने अस्पताल भवन को प्राथमिकता के आधार पर मार्च 2027 तक पूरा करने का निर्देश दिया, जबकि शेष सभी कार्य जुलाई-अगस्त 2027 तक पूर्ण करने को कहा गया है, ताकि 2027-28 शैक्षणिक सत्र से पढ़ाई शुरू की जा सके।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में एक पूर्ण फ्लोर पर 50 बेड का समर्पित पेइंग वार्ड विकसित करने का भी निर्देश दिया गया। साथ ही मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश और निकास व्यवस्था में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने को कहा गया।
मौके पर अजय नाथ झा, संयुक्त सचिव एल.एम. शुक्ला, अपर समाहर्ता सुनील चंद्र, सिविल सर्जन डॉ. ए.बी. प्रसाद, भवन निर्माण निगम के अधिकारी और कार्यदायी एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद थे। मेडिकल कॉलेज शुरू होने के बाद बोकारो और आसपास के जिलों के छात्रों को मेडिकल शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, वहीं क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को भी बड़ा सहारा मिलेगा।
