UPSC Prelims 2026: परीक्षा परसों; केंद्र पर एंट्री से लेकर OMR शीट तक… भूलकर भी न करें ये गलतियां, वरना रद्द हो जाएगी उम्मीदवारी

इस साल परीक्षा में 8.19 लाख से अधिक उम्मीदवार शामिल हो रहे हैं।

Johar News Times
4 Min Read

देश की सबसे प्रतिष्ठित और बड़ी परीक्षाओं में शुमार संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 इस रविवार यानी 24 मई को आयोजित होने जा रही है। इस साल परीक्षा में 8.19 लाख से अधिक उम्मीदवार शामिल हो रहे हैं। आयोग ने इस बार छात्रों की सुविधा के लिए परीक्षा केंद्रों की संख्या 80 से बढ़ाकर 83 कर दी है, जिसमें तीन नए शहर— भुवनेश्वर, कानपुर और मेरठ जोड़े गए हैं। लगभग 23,000 उम्मीदवारों ने इन नए केंद्रों को चुना है।

UPSC के चेयरमैन अजय कुमार के मुताबिक, आयोग का उद्देश्य परीक्षा को ‘कैंडिडेट-फ्रेंडली’ बनाना है, जिसके तहत दिव्यांग उम्मीदवारों को उनकी पसंद के परीक्षा केंद्र आवंटित करने की पूरी कोशिश की गई है।

यदि आप भी इस परीक्षा में शामिल होने जा रहे हैं, तो अंतिम समय की हड़बड़ी से बचने के लिए इन गाइडलाइंस को अच्छी तरह समझ लें:

1. एडमिट कार्ड का प्रिंटआउट है अनिवार्य

UPSC ने साफ किया है कि किसी भी उम्मीदवार को डाक से कागजी एडमिट कार्ड नहीं भेजा गया है। आपको आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किए गए ई-एडमिट कार्ड का प्रिंटआउट साथ लाना होगा। इसके बिना एंट्री नहीं मिलेगी।

2. कौन से दस्तावेज साथ ले जाना जरूरी है?

  • मूल पहचान पत्र (Original ID Proof): आपको वही फोटो पहचान पत्र (जैसे- आधार, वोटर ID, ड्राइविंग लाइसेंस आदि) ले जाना है, जिसका नंबर आपके एडमिट कार्ड पर दर्ज है।
  • अतिरिक्त पासपोर्ट साइज फोटो: यदि आपके एडमिट कार्ड पर फोटो धुंधली या साफ नहीं है, तो अपने साथ दो अतिरिक्त पासपोर्ट साइज फोटो (दोनों सत्रों के लिए) और एक वैकल्पिक पहचान पत्र जरूर रखें।
  • नाम बदलने वाले उम्मीदवारों के लिए: जिन अभ्यर्थियों ने मैट्रिक (10वीं) के बाद अपना नाम बदला है, उन्हें मूल गजट नोटिफिकेशन (Gazette Notification) या सरकारी पहचान पत्र दिखाना होगा।

3. परीक्षा केंद्र का समय

उम्मीदवारों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम डेढ़ घंटा (90 मिनट) पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है, क्योंकि वहां फेस ऑथेंटिकेशन (Face Authentication), पहचान जांच और फ्रिस्किंग (तलाशी) की जाएगी।

  • सुबह का सत्र: एंट्री 9:00 AM पर बंद हो जाएगी।
  • दोपहर का सत्र: एंट्री 2:00 PM पर बंद हो जाएगी।

गेट बंद होने के बाद एक मिनट की भी देरी होने पर किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं मिलेगी।

4. क्या ले जा सकते हैं और क्या है पूरी तरह बैन?

अनुमति है (Allowed)पूरी तरह प्रतिबंधित (Banned)
प्रिंटेड एडमिट कार्ड और मूल पहचान पत्रमोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट
सिर्फ काला बॉलपॉइंट पेन (OMR शीट और अटेंडेंस के लिए)किताबें, बैग, कोई भी अनधिकृत कागज या कीमती सामान
पेंसिल और साधारण सुई वाली घड़ी (Analog Watch)कम्यूनिकेशन फीचर या डिजिटल डिस्प्ले वाली घड़ियां

परीक्षा केंद्र पर सामान रखने की कोई आधिकारिक व्यवस्था नहीं होगी। यदि किसी के पास प्रतिबंधित सामग्री पाई जाती है, तो उसकी उम्मीदवारी रद्द होने के साथ-साथ पुलिस केस और भविष्य की परीक्षाओं के लिए डिबार (प्रतिबंधित) किया जा सकता है।

Share This Article