स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के गृह जिले में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल, परिजनों ने की जांच की मांग,
जामताड़ा, झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के विधानसभा क्षेत्र जामताड़ा में स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर खामियां उजागर हुई हैं। समय पर एम्बुलेंस नहीं मिलने के कारण एक गंभीर रूप से बीमार युवक को परिजनों और ग्रामीणों ने ट्रैक्टर पर लादकर सदर अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान गोपालपुर निवासी मोनू मुर्मू के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शुक्रवार को उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। इसके बाद सरकारी एम्बुलेंस सेवा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन काफी देर तक इंतजार के बावजूद एम्बुलेंस नहीं पहुंची। मरीज की हालत लगातार गंभीर होती देख परिजनों ने उसे ट्रैक्टर पर ही अस्पताल ले जाने का फैसला किया।
रास्ते में बिगड़ती रही हाल
ग्रामीणों का कहना है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में मोनू मुर्मू ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उनका आरोप है कि यदि समय पर एम्बुलेंस उपलब्ध हो जाती तो युवक की जान बचाई जा सकती थी।
स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ फूटा गुस्सा
घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन सदर अस्पताल चौक पहुंच गए। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि सरकार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। मरीजों को समय पर एम्बुलेंस जैसी बुनियादी सुविधा भी नहीं मिल पा रही है, जिससे लोगों की जान खतरे में पड़ रही है।

एम्बुलेंस सेवा मजबूत करने की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जिले की एम्बुलेंस सेवा को प्रभावी बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ करने की मांग की है। उनका कहना है कि भविष्य में किसी मरीज को इलाज के लिए ट्रैक्टर या अन्य असुरक्षित साधनों का सहारा लेने की नौबत नहीं आनी चाहिए। समाचार लिखे जाने तक स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। हालांकि घटना ने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
