एशिया कप में झारखंड का जलवा: स्वर्ण और कांस्य पदक विजेता हॉकी खिलाड़ियों का रांची में भव्य स्वागत

एशिया कप में झारखंड का जलवा: स्वर्ण और कांस्य पदक विजेता हॉकी खिलाड़ियों का रांची में भव्य स्वागत

Johar News Times
3 Min Read

रांची: जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप 2026 में शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने वाले झारखंड के आठ हॉकी खिलाड़ी मंगलवार को रांची लौटे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों के स्वागत के लिए खेल प्रेमियों, परिजनों, कोचों और हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों की भारी भीड़ उमड़ी। खिलाड़ियों के पहुंचते ही एयरपोर्ट परिसर उत्साह, गौरव और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।

जापान के काकामीगाहारा में 29 मई से 6 जून तक आयोजित अंडर-18 एशिया कप में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि भारतीय महिला टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया। दोनों टीमों की सफलता में झारखंड के खिलाड़ियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

पुरुष टीम में झारखंड के आशीष तनी पूर्ति और प्रेमचंद शामिल थे। आशीष ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कई मुकाबलों में टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई, जबकि प्रेमचंद भी स्वर्ण पदक विजेता टीम के प्रमुख खिलाड़ियों में रहे। महिला टीम में झारखंड की संदीपा कुमारी, पुष्पा मांझी, सुगन सांगा, खिली कुमारी, नीलम टोपनो और श्रुति कुमारी ने शानदार खेल दिखाते हुए भारत को कांस्य पदक दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

दिल्ली में हॉकी इंडिया द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में भाग लेने के बाद सभी खिलाड़ी रांची पहुंचे। एयरपोर्ट पर फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और जोरदार नारों के बीच उनका अभिनंदन किया गया। खिलाड़ियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया और उनकी उपलब्धियों पर लोगों ने गर्व जताया।

हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने कहा कि झारखंड की धरती लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ी दे रही है। उन्होंने कहा कि अंडर-18 एशिया कप में राज्य के आठ खिलाड़ियों का भारतीय टीम का हिस्सा बनना ही बड़ी उपलब्धि है, जबकि पुरुष टीम का स्वर्ण और महिला टीम का कांस्य पदक जीतना झारखंड के हॉकी इतिहास में नया अध्याय जोड़ता है। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता राज्य के हजारों युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी और भविष्य में झारखंड से और अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाएंगे।

इस अवसर पर अशोक भगत, आश्रिता लकड़ा, दशरथ महतो, करुणा पूर्ति, दूलारी टोपनो और मनीष सहित कई खेल प्रेमी मौजूद रहे। खिलाड़ियों ने भी इस सम्मान के लिए झारखंडवासियों का आभार जताते हुए कहा कि यह स्वागत उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा। एयरपोर्ट परिसर में “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “हॉकी जिंदाबाद” के नारों के बीच झारखंड के इन युवा खिलाड़ियों की उपलब्धि का जोरदार उत्सव मनाया गया।

Share This Article