इंदौर में भीषण सड़क हादसा: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भतीजे की दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार बस ने कुचला

देवास से इंदौर लौटते समय शिप्रा क्षेत्र में हुआ हादसा ।

Johar News Times
3 Min Read

मध्य प्रदेश के इंदौर से एक बेहद दुखद और बड़ी खबर सामने आ रही है। इंदौर के शिप्रा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भतीजे की मौत हो गई। मृतक की पहचान 29 वर्षीय प्रभात सिंह के रूप में हुई है। इस वीभत्स हादसे के बाद से ही प्रशासनिक गलियारों और राजनीतिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

गाड़ी में बैठते समय काल बनकर आई बस

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रभात सिंह अपने दोस्तों के साथ किसी निजी काम के सिलसिले में देवास गए थे। गुरुवार देर रात वे कार से वापस इंदौर लौट रहे थे। इसी दौरान शिप्रा क्षेत्र के पास उन्होंने अपनी गाड़ी सड़क किनारे रोकी। प्रभात जैसे ही काम निपटाकर वापस अपनी कार में बैठने लगे, तभी सामने से आ रही एक अनियंत्रित और बेहद तेज रफ्तार बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

सिर पर लगी गंभीर चोट, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रभात सिंह सड़क पर दूर जा गिरे और उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद कार में मौजूद उनके साथी आनन-फानन में उन्हें लहूलुहान हालत में इंदौर के अरबिंदो अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की भनक लगते ही पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी अस्पताल पहुंच गए। सोनकच्छ विधायक राजेश सोनकर सहित भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी देर रात अस्पताल पहुंचे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डॉक्टरों के पैनल द्वारा रात करीब 3 बजे ही पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।

पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह एक विशेष विमान के जरिए प्रभात सिंह के पार्थिव शरीर को दिल्ली एयरलिफ्ट किया गया है, जहां से उसे उनके पैतृक निवास उत्तर प्रदेश के बलिया जिले ले जाया जाएगा, वहीं उनका अंतिम संस्कार संपन्न होगा।

फरार बस चालक की तलाश में जुटी पुलिस हादसे के तुरंत बाद आरोपी बस चालक मौके पर वाहन सहित फरार हो गया। शिप्रा थाना पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Share This Article