जमशेदपुर: डिमना स्थित नए एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या अब जल्द समाप्त होने वाली है। जिला प्रशासन की पहल पर सुवर्णरेखा नदी से अस्पताल तक लगभग साढ़े तीन किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने की राह में आ रही सभी तकनीकी बाधाएं दूर कर दी गई हैं। विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने स्थल निरीक्षण के बाद पाइपलाइन के रूट को अंतिम मंजूरी दे दी है।
उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर एनएचएआई, मानगो नगर निगम, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, विद्युत आपूर्ति विभाग, मानगो अंचल, गेल, जुस्को और टाटा स्टील के अधिकारियों ने डिमना चौक स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओवर क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पिलर संख्या 175 और 176 के पास से पाइपलाइन गुजारने का निर्णय लिया गया, जिसे सभी संबंधित विभागों ने स्वीकृति प्रदान कर दी। अब निर्माण एजेंसी मेसर्स मदन लाल बजाज कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड सोमवार, 8 जून से पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू करेगी। उपायुक्त ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को प्राथमिकता देते हुए 15 जून तक हर हाल में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि तय समय सीमा के भीतर काम पूरा नहीं होने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

करीब 8 करोड़ 69 लाख रुपये की लागत वाली इस परियोजना के पूरा होने के बाद एमजीएम अस्पताल को प्रतिदिन 3 एमएलडी (30 लाख लीटर) शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा। अस्पताल परिसर में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है तथा जल भंडारण के लिए संप भी तैयार है। वहीं, सुवर्णरेखा नदी किनारे इंटकवेल निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। नदी से पाइपलाइन कनेक्टिविटी मिलते ही अस्पताल के सभी वार्डों और परिसर में निर्बाध जलापूर्ति शुरू हो जाएगी, जिससे मरीजों, उनके परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों को बड़ी राहत मिलेगी। फिलहाल अस्पताल की जरूरतों को पूरा करने के लिए मानगो नगर निगम प्रतिदिन टैंकरों के माध्यम से पेयजल की आपूर्ति कर रहा है।
