नई दिल्ली : जून महीने के पहले दिन आम लोगों को भले घरेलू रसोई गैस की कीमतों में राहत मिली हो, लेकिन होटल, रेस्तरां और कैटरिंग कारोबार से जुड़े व्यवसायों को महंगाई का झटका लगा है। तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं। नई दरें 1 जून से लागू हो गई हैं।
संशोधित कीमतों के अनुसार दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 42 रुपये महंगा होकर 3113.50 रुपये का हो गया है, जबकि कोलकाता में इसकी कीमत 53.50 रुपये बढ़कर 3255.50 रुपये पहुंच गई है। इसके अलावा 5 किलोग्राम वाले एफटीएल सिलेंडर के दाम में भी 11 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। कमर्शियल गैस की कीमत बढ़ने से होटल, ढाबा, रेस्तरां, मिठाई दुकान और कैटरिंग व्यवसायों की लागत बढ़ने की आशंका है। इसका असर आने वाले दिनों में ग्राहकों पर भी पड़ सकता है।
हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे घरों के रसोई बजट पर फिलहाल अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा। इधर केंद्र सरकार ने पेट्रोल, डीजल और विमान ईंधन (ATF) के निर्यात शुल्क में भी संशोधन किया है। पेट्रोल पर विंडफॉल टैक्स घटाकर 1.50 रुपये प्रति लीटर, डीजल पर 13.50 रुपये प्रति लीटर और एटीएफ पर 9.50 रुपये प्रति लीटर निर्धारित किया गया है। हालांकि घरेलू बाजार में पेट्रोल और डीजल की मौजूदा कर व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
