401वीं शहादत दिवस पर शर्बत और चना प्रसाद का वितरण, गुरु साहिब के बलिदान को किया याद,
जमशेदपुर: सिखों के पांचवें गुरु एवं शहीदों के सरताज गुरु अर्जन देव जी के 401वें शहादत दिवस के अवसर पर जिला न्यायालय परिसर में छबील का आयोजन किया गया। जिला बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं के तत्वावधान में आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में आम राहगीरों के बीच ठंडा शर्बत और चना प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अन्य न्यायिक पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने प्रसाद ग्रहण कर गुरु अर्जन देव जी की शहादत को नमन किया। कार्यक्रम में अमरजीत कौर विश्वास, मलकीत सिंह सैनी, सुधीर कुमार पप्पू, राजीव सिंह सैनी, जगदीप सिंह गोल्डी, नरेंद्र सिंह, अभय सिंह, नंदकिशोर, लूसी, शरैया, सोमा, कावेरी, बबिता जैन, मनप्रीत सिंह सैनी, सरदार शैलेंद्र सिंह, हरविंदर सिंह मंटू, अजीत सिंह गंभीर तथा उत्तर प्रदेश संघ के अध्यक्ष अखिलेश दुबे सहित कई अधिवक्ताओं और समाजसेवियों ने सेवा कार्य में भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत होम पाइप गुरुद्वारा के बाबा जी द्वारा समस्त मानवता के कल्याण की अरदास से हुई। वक्ताओं ने गुरु अर्जन देव जी के अद्वितीय बलिदान को याद करते हुए बताया कि मुगल बादशाह जहांगीर के आदेश पर लाहौर में उन्हें अमानवीय यातनाएं देकर शहीद किया गया था। गर्म तवे पर बैठाना, तपती रेत डालना और खौलते पानी में डालने जैसी यातनाओं के बावजूद गुरु साहिब अडिग रहे। सिख परंपरा के अनुसार, गुरु अर्जन देव जी की शहादत की स्मृति में लगाई जाने वाली छबील सेवा आज भी मानवता, त्याग और सेवा भाव का संदेश देती है।
