नई दिल्ली : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 6 जून से बढ़ाकर 7 जून कर दी है। बोर्ड ने यह निर्णय छात्रों को अतिरिक्त समय देने और पोर्टल पर आई तकनीकी समस्याओं को देखते हुए लिया है।
सीबीएसई ने 2 जून को पोस्ट-रिजल्ट सेवाओं के लिए ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया था। इसके बाद कई छात्रों ने उत्तर पुस्तिका देखने, अंक सत्यापन और री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन करने में तकनीकी दिक्कतों की शिकायत की थी। इसी बीच बोर्ड ने पोर्टल पर लगातार साइबर हमलों का मामला सामने आने के बाद एफआईआर दर्ज कराई है, जिसकी जांच दिल्ली पुलिस कर रही है। बोर्ड के अनुसार, पिछले तीन दिनों में पोर्टल पर कई बार साइबर हमले किए गए। वेबसाइट को ठप करने के उद्देश्य से किए गए ‘डिनायल ऑफ सर्विस’ हमले के दौरान महज दो मिनट में करीब 15 लाख हिट्स दर्ज हुईं। इसके अलावा एक लाख से अधिक बार अनधिकृत रूप से फाइलों तक पहुंचने की कोशिश की गई। हालांकि सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि अब तक किसी भी प्रकार के डेटा लीक या अनधिकृत एक्सेस का मामला सामने नहीं आया है।
अधिकारियों के अनुसार 4 जून तक पोर्टल पर कुल 70,433 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 7,314 अंक सत्यापन और 63,119 री-इवैल्यूएशन के आवेदन शामिल हैं। साइबर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आईआईटी कानपुर, आईआईटी मद्रास, डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन, आई4सी, सीईआरटी-इन और अन्य केंद्रीय एजेंसियों की विशेषज्ञ टीमों की मदद ली गई। गौरतलब है कि सीबीएसई ने वर्ष 2026 की 12वीं बोर्ड परीक्षा में पहली बार ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली लागू की थी। परिणाम जारी होने के बाद कई छात्रों ने मूल्यांकन में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। इसके बाद री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया शुरू की गई और ओएसएम प्रणाली से जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं की जांच भी प्रारंभ की गई है।
