सीमा सुरक्षा पर अमित शाह का सख्त संदेश, अवैध वित्तीय गतिविधियों पर कड़ी निगरानी के निर्देश

सीमा सुरक्षा पर अमित शाह का सख्त संदेश, अवैध वित्तीय गतिविधियों पर कड़ी निगरानी के निर्देश

Johar News Times
2 Min Read

सीमावर्ती इलाकों में वित्तीय लेनदेन और संपत्ति खरीद-बिक्री पर रखी जाएगी पैनी नजर, मादक पदार्थ और हथियार तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के निर्देश,

अगरतला: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए वित्तीय लेनदेन, भवन निर्माण गतिविधियों तथा संपत्तियों की खरीद-बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया है। त्रिपुरा में बीएसएफ के सीमा मुख्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा और विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान गृह मंत्री ने पिछले पांच वर्षों के भूमि अभिलेखों की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाना चाहिए तथा इसमें शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

अमित शाह ने सीमावर्ती जिलों में वित्तीय अनुशासन बनाए रखने की जिम्मेदारी राज्यों की बताते हुए अधिकारियों को निगरानी तंत्र मजबूत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कलेक्टरों और जीएसटी अधिकारियों के प्रशिक्षण, नकली मुद्रा की पहचान और सर्वेक्षण के लिए भी आवश्यक कदम उठाने को कहा। गृह मंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को नशे और हथियारों की तस्करी के खतरों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया। इन शिविरों में स्थानीय पुलिस, बीएसएफ कर्मियों और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में इस बात पर बल दिया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर उच्चस्तरीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है। समीक्षा बैठक में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, मुख्य सचिव जे.के. सिन्हा, डीजीपी अनुराग धनखड़ सहित सभी सीमावर्ती जिलों के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article