सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर क्षेत्र में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ पुलिस ने बेहद सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस की मुस्तैदी का आलम यह है कि जांच से बचने के लिए वाहन चालकों द्वारा अपनाए जा रहे ‘शॉर्टकट’ और वैकल्पिक रास्तों को भी पुलिस ने ब्लॉक करना शुरू कर दिया है। पुराना पुलिया के पास चल रही चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक ऐसी ही चालाकी को नाकाम करते हुए कच्चे रास्ते पर नया जांच केंद्र स्थापित कर दिया।
नदी किनारे वाले कच्चे रास्ते से भाग रहे थे वाहन चालक
वाहन जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कई चालक मुख्य चेकिंग पॉइंट को देखकर उससे ठीक पहले बाईं ओर बने एक कच्चे रास्ते का इस्तेमाल कर रहे हैं। ये लोग नदी के किनारे-किनारे होते हुए सीधे पटियाला बार के पास निकल जा रहे थे, जिससे वे पुलिस की नजरों और फाइन से बच सकें। जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत रणनीति बदली और उसी कच्चे रास्ते पर घेराबंदी कर नया चेकिंग पॉइंट बना दिया। इसके बाद वहां से भाग रहे वाहनों की सघन जांच शुरू की गई, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
स्थानीय जनता की पुलिस से मांग: अपराध नियंत्रण में भी दिखे ऐसी ही फुर्ती
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को लेकर अब स्थानीय लोगों के बीच एक नई चर्चा छिड़ गई है। क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि सड़क सुरक्षा और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर कार्रवाई बेहद जरूरी है, लेकिन पुलिस को अपराध के मोर्चे पर भी यही तत्परता दिखानी चाहिए।
जनता की आवाज: स्थानीय लोगों का मानना है कि जिस रणनीति और स्पीड के साथ पुलिस ने चेकिंग से बचने वाले चोर रास्ते की पहचान कर वहां मोर्चा संभाला, ठीक वैसी ही फुर्ती क्षेत्र में बढ़ रही चोरी, छिनतई, नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों को रोकने में भी दिखाई जानी चाहिए। अपराधियों पर नकेल कसने के लिए भी यदि ऐसे ही विशेष अभियान चलें, तो आम जनता खुद को अधिक सुरक्षित महसूस करेगी।
