राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में कॉलेज छात्रा के साथ सरेआम छेड़खानी का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी जवान को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार छात्रा मोरहाबादी स्थित अपने कॉलेज से घर लौट रही थी। वह करमटोली चौक होते हुए डॉ. एसएन यादव वाली गली से गुजर रही थी। इसी दौरान पीछे से आए एक जवान ने छात्रा को पकड़ लिया और उसके साथ गलत हरकत करने लगा। घटना के बाद आरोपी वहां से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और उसे पकड़ लिया। घटना से नाराज लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और भीड़ ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि मारपीट में आरोपी घायल हो गया। सूचना मिलने पर लालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से बचाकर थाने ले गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में आरोपी की हरकत साफ दिखाई दे रही है। लालपुर थाना प्रभारी रूपेश सिंह ने बताया कि आरोपी जवान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
