सरायकेला-खरसावां: स्वास्थ्य केंद्रों पर डीसी का कड़ा रुख, बीडीओ और सीओ ने किया औचक निरीक्षण

डीसी के निर्देश पर स्वास्थ्य केंद्रों में हड़कंप, ऑन-स्पॉट जांच।

Johar News Times
2 Min Read

जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को पटरी पर लाने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर प्रशासन एक्शन मोड में है। जिले के सभी प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी ने विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की पोल खोली और सुधार के सख्त निर्देश दिए।

क्या जांचा गया?

उपायुक्त के निर्देश पर अधिकारियों ने ‘प्वाइंटवाइज’ समीक्षा की। जांच के दौरान मुख्य रूप से निम्नलिखित पहलुओं पर ध्यान केंद्रित किया गया:

  • डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के अटेंडेंस रजिस्टर की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों ने सख्त निर्देश दिए कि बायोमेट्रिक और रजिस्टर में समय पर उपस्थिति अनिवार्य है।
  • केंद्रों में आवश्यक दवाओं का स्टॉक, लैब जांच की सुविधाएं और चिकित्सा उपकरणों की कार्यक्षमता को परखा गया।
  • मरीजों के लिए पीने का साफ पानी, बिजली की निरंतर आपूर्ति, जनरेटर/इनवर्टर की स्थिति और साफ-सफाई का जायजा लिया गया।
  • एम्बुलेंस की उपलब्धता और एएनएम व अन्य स्टाफ की रोस्टर के अनुसार तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मरीजों का फीडबैक और आईपीडी-ओपीडी की समीक्षा

अधिकारियों ने केवल कागजों की ही जांच नहीं की, बल्कि अस्पताल में भर्ती मरीजों से बात कर मिल रही चिकित्सा सुविधाओं का फीडबैक भी लिया। ओपीडीऔर आईपीडी सेवाओं के सुचारू संचालन के लिए अधिकारियों ने स्वास्थ्य पदाधिकारियों को जवाबदेही तय करने की हिदायत दी।

“आम नागरिकों को सुलभ, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी और सुधार की प्रक्रिया सतत जारी रहेगी।”

Share This Article