साकची बाजार में ‘धार्मिक उपाय’ के नाम पर ठगी, महिला से गहने लेकर फरार हुए दो शातिर

साकची बाजार में ‘धार्मिक उपाय’ के नाम पर ठगी, महिला से गहने लेकर फरार हुए दो शातिर

Johar News Times
2 Min Read

शहर के साकची थाना क्षेत्र में मंगलवार को ठगी की एक सुनियोजित घटना सामने आई, जिसमें दो अज्ञात युवकों ने खुद को धार्मिक व्यक्ति बताकर एक महिला को झांसे में लिया और उसके गहने लेकर फरार हो गए। पीड़िता गोलमुरी के केबुल टाउन इलाके की निवासी बताई जा रही है, जो बाजार में खरीदारी के लिए आई थीं।

जानकारी के मुताबिक, महिला जब साकची के भीड़भाड़ वाले इलाके में थी, तभी दो युवक उसके पास पहुंचे और बातचीत शुरू की। खुद को साधु बताते हुए उन्होंने पहले सामान्य मदद के बहाने महिला से संपर्क बनाया और धीरे-धीरे विश्वास जीत लिया। इसके बाद उन्होंने महिला को उसके परिवार, खासकर बेटे को लेकर अनहोनी की आशंका जताई।

ठगों ने महिला को भरोसा दिलाया कि विशेष पूजा के जरिए इस संकट को टाला जा सकता है। बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंतित महिला उनकी बातों में आ गई। इसी दौरान आरोपियों ने ‘पूजा की प्रक्रिया’ के नाम पर महिला से उसके गहने उतरवा लिए। उन्होंने कुछ समय बाद गहने वापस करने का आश्वासन दिया, लेकिन मौका मिलते ही वहां से फरार हो गए।

कुछ देर बाद जब दोनों युवक वापस नहीं लौटे, तब महिला को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद वह साकची थाना पहुंची और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। थाना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के झांसे और अंधविश्वास से दूर रहें तथा किसी भी अजनबी के कहने पर कीमती सामान न सौंपें।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article