परिवहन विभाग की नई पहल: उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को मिलेगा राज्य स्तरीय सम्मान

Johar News Times
2 Min Read

झारखंड सरकार के परिवहन विभाग ने अधिकारियों और कर्मियों को बेहतर कार्य के लिए प्रोत्साहित करने की नई व्यवस्था शुरू की है। विभाग ने सभी क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार (आरटीए), जिला परिवहन पदाधिकारियों (डीटीओ) और मोटरयान निरीक्षकों (एमवीआई) को निर्देश दिया है कि वे अपने कार्यालयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मियों की सूची प्रत्येक तीन महीने पर विभाग को भेजें।

चयनित कर्मियों को राज्य स्तर पर प्रोत्साहन राशि, प्रशंसा पत्र और अनुभव प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। परिवहन विभाग के सचिव राजीव रंजन ने कहा कि अच्छे कार्यों को पहचान और सम्मान मिलने से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है तथा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होता है।

एमवीआई को जनता के प्रति संवेदनशील रहने का निर्देश

सचिव ने नव नियुक्त मोटरयान निरीक्षकों को निर्देश दिया है कि वे अपने वरीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें और आम जनता के साथ सहज, सकारात्मक तथा सम्मानजनक व्यवहार रखें। उनसे परिवहन सेवाओं को अधिक पारदर्शी और जनहितैषी बनाने की अपेक्षा की गई है।

हर 15 दिन पर होगी कार्यों की समीक्षा

परिवहन विभाग ने क्षेत्रीय अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मियों के कार्यों का योजना कैलेंडर तैयार कराने और उसकी प्रत्येक 15 दिन पर समीक्षा करने का निर्देश दिया है। साथ ही राजस्व संग्रहण के लक्ष्यों और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की प्रगति पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।

बेहतर कार्यप्रणालियों को मिलेगा बढ़ावा

विभाग ने विभिन्न परिवहन कार्यालयों में अपनाई जा रही बेहतर कार्यप्रणालियों (बेस्ट प्रैक्टिसेज) को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया है। सचिव ने अधिकारियों से राजस्व संग्रहण के निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने तथा पूरी कार्यक्षमता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा है।

Share This Article