जमशेदपुर: घाघीडीह सेंट्रल जेल की सुरक्षा में महाचूक, स्मार्टफोन लेकर भीतर घुसी महिला, अपराधियों की रील सोशल मीडिया पर वायरल!

"सेंट्रल जेल या रील्स स्टूडियो? घाघीडीह जेल में बेखौफ अपराधियों का 'गैंगस्टर स्वैग' वायरल, सुरक्षा के उड़े परखच्चे!"

Johar News Times
4 Min Read

झारखंड के पूर्वी सिंहभूम स्थित घाघीडीह सेंट्रल जेल की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर पूरी तरह तार-तार हो गई है। जेल परिसर के अत्यंत सुरक्षित माने जाने वाले हाई-सिक्योरिटी जोन के भीतर बंद अपराधियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना के सामने आने के बाद जेल प्रशासन से लेकर जिला पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

स्मार्टफोन लेकर जेल के अंदर पहुंची महिला मुलाकाती!

प्रारंभिक जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद जो सच सामने आया है, उसने जेल की सुरक्षा दावों की पोल खोल कर रख दी है। बताया जा रहा है कि जेल में बंद अपराधियों से मिलने आई एक महिला मुलाकाती अपने साथ बड़ी आसानी से स्मार्टफोन लेकर जेल परिसर के भीतर दाखिल हो गई। उसने न सिर्फ मोबाइल अंदर पहुंचाया, बल्कि जेल के भीतर बंद कुख्यात अपराधियों का वीडियो भी रिकॉर्ड किया।

बैकग्राउंड में गैंगस्टर सॉन्ग, वीडियो में दिखे शहर के कुख्यात अपराधी

सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस रील में गोलमुरी और सिदगोड़ा क्षेत्र के कई खूंखार अपराधी जेल परिसर के अंदर बेखौफ घूमते और पोज देते नजर आ रहे हैं। वीडियो के बैकग्राउंड में ‘गैंगस्टर संस्कृति’ और अपराध को बढ़ावा देने वाले गानों का इस्तेमाल किया गया है। वीडियो में मुख्य रूप से ये अपराधी दिखाई दे रहे हैं:

  • विक्की कुंडी (कोर्ट गेट फायरिंग और सिदगोड़ा अक्षय सिंह हमले का मुख्य आरोपी)
  • अमन शेखर (करीब एक दर्जन आपराधिक मामलों का आरोपी)
  • बलराम सिंह उर्फ छोटू
  • विनीत सिंह

अपराधी के भाई के अकाउंट से शेयर हुआ वीडियो

पुलिस जांच में यह बात साफ हुई है कि यह विवादित वीडियो ‘निशांत सिंह’ नामक सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किया गया था। जांच में पता चला है कि निशांत सिंह कोई और नहीं, बल्कि जेल में ही बंद अपराधी बलराम सिंह का सगा भाई है।

रील में दिख रहे सभी अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास है। इन पर गोलमुरी के प्रसिद्ध व्यवसायी राजकुमार साह से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और एक ही रात में दो अलग-अलग जगहों पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने का गंभीर आरोप है। विक्की कुंडी और अमन शेखर पर पहले से दर्जनों संगीन मामले दर्ज हैं।” – पुलिस सूत्र

गैंगवार की आशंका, परसुडीह थाने में मामला दर्ज

इस मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए जेल प्रशासन की लिखित शिकायत पर जमशेदपुर के परसुडीह थाना में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने रजा आलम की मां, वीडियो पोस्ट करने वाले निशांत सिंह और अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है।

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस इस एंगल पर भी विशेष जांच कर रही है कि कहीं यह वीडियो जेल के भीतर वर्चस्व कायम करने या विरोधी गुट को चुनौती देने के लिए तो नहीं बनाया गया? दरअसल, कन्हैया यादव हत्याकांड में बंद रजा आलम गुट और विक्की कुंडी गुट के बीच लंबे समय से जेल के भीतर और बाहर खूनी रंजिश चल रही है, जिससे अब जेल के अंदर गैंगवार छिड़ने की आशंका भी गहरा गई है।

Share This Article