मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 13 और 14 जून 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर दो दिवसीय विशेष कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इसी सिलसिले में शनिवार को पोड़ाहाट-चक्रधरपुर के अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इन मतदान केंद्रों का SDO ने लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने चक्रधरपुर क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण बूथों का भौतिक सत्यापन किया, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
- मतदान केंद्र संख्या 216 एवं 217 (बंगाली बालिका उच्च विद्यालय)
- मतदान केंद्र संख्या 231 एवं 232 (मंडल हस्तशिल्प केंद्र)
- मतदान केंद्र संख्या 233 एवं 234 (इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय, रेलवे कॉलोनी)
- मतदान केंद्र संख्या 235 एवं 236 (ओ.एच.ई. ट्रेनिंग स्कूल, चक्रधरपुर)
15 जून तक ही खुला रहेगा मैपिंग पोर्टल, लापरवाही पर कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान SDO ने बूथों पर तैनात सभी बीएलओ को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जितने भी अपमैप्ड मतदाता बचे हैं, उनकी मैपिंग का काम जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि:
“मतदाताओं की मैपिंग का कार्य केवल 15 जून 2026 तक ही किया जाएगा। इसके बाद मैपिंग पोर्टल को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा।” इसलिए समय सीमा के भीतर इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना अनिवार्य है।
प्रशासन की मतदाताओं से अपील
अनुमंडल प्रशासन ने चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र के आम नागरिकों और मतदाताओं से अपील की है कि वे 13 और 14 जून को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर आयोजित होने वाले विशेष कैंप में भारी संख्या में पहुंचें। मतदाता सूची में अपनी मैपिंग अवश्य सुनिश्चित कराएं, ताकि भविष्य में निर्वाचन संबंधी सभी सरकारी सेवाओं और अधिकारों का लाभ सुगमता से प्राप्त हो सके।
