आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और खराब लाइफस्टाइल के कारण नींद न आने की समस्या एक महामारी का रूप ले चुकी है. दुनिया का एक बड़ा हिस्सा इंसोमनिया (अनिद्रा) और ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एप्निया (सांस लेने में दिक्कत) जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहा है. हम दिनभर में जो कुछ भी खाते हैं, उसका सीधा असर हमारी नींद और सेहत पर पड़ता है.
आइए जानते हैं कि रात में सुकून की नींद सोने के लिए आपको अपनी डाइट में किन चीजों को शामिल करना चाहिए और किनसे पूरी तरह परहेज करना चाहिए.
अच्छी नींद के लिए डाइट में शामिल करें ये 5 चीजें
अगर आप भी रातभर करवटें बदलते रहते हैं, तो आज से ही अपने खानपान में इन चीजों को जगह दें:
- कीवी और बेरीज: कीवी, टार्ट चेरी, स्ट्रॉबेरी और ब्लूबेरी जैसे फल नींद की क्वालिटी को बेहतर बनाने में मददगार साबित होते हैं.
- फैटी फिश: ओमेगा-3 फैटी एसिड और विटामिन डी से भरपूर फैटी फिश दिमाग को रिलैक्स करने में मदद करती है.
- फाइबर से भरपूर फूड्स: बीन्स, दालें और ओटमील को डाइट में शामिल करें. ये चीजें न सिर्फ पेट को ठीक रखती हैं बल्कि गहरी नींद में भी मदद करती हैं.
- केला और दूध का कॉम्बो: रात को सोने से पहले केला खाना या गुनगुना दूध पीना बेहद फायदेमंद है. दूध में ट्रिप्टोफैन (Tryptophan) नाम का एमीनो एसिड पाया जाता है, जो शरीर में स्लीप हार्मोन को एक्टिव करता है.
- जरूरी पोषक तत्व: अपनी डाइट में मैग्नीशियम, आयरन और मैंगनीज से भरपूर चीजों को शामिल करें, जिससे शरीर को भरपूर आराम मिले.
भूलकर भी रात में न खाएं ये चीजें, उड़ जाएगी नींद
जिस तरह कुछ चीजें नींद लाने में मदद करती हैं, उसी तरह कुछ फूड्स आपकी पूरी रात की नींद खराब भी कर सकते हैं:
- सैचुरेटेड फैट (जंक फूड): बर्गर, फ्राइज और प्रोसेस्ड फूड्स को पचाने में शरीर को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे नींद में खलल पड़ता है.
- रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट्स: व्हाइट ब्रेड और पास्ता जैसी चीजें बहुत जल्दी मेटाबॉलाइज (पच) हो जाती हैं. इसके कारण रात में अचानक भूख लग सकती है और आपकी नींद टूट सकती है.
- कैफीन और चाय: कॉफी, चाय या कैफीन वाले ड्रिंक्स का असर शरीर पर कई घंटों तक रहता है. इसलिए शाम के बाद इनके सेवन से पूरी तरह परहेज करें.
- शराब : कई लोगों को लगता है कि शराब पीने से नींद अच्छी आती है, लेकिन असल में यह स्लीप साइकिल को बिगाड़ देती है. इससे आधी रात को अचानक नींद टूटने की समस्या होने लगती है.
एक अच्छी लाइफस्टाइल और सही खानपान ही आपको डॉक्टर और दवाओं के बिना एक सुकून भरी और गहरी नींद दे सकता है. आज ही से अपने डिनर में बदलाव करें और फर्क देखें.
