झारखंड में मानसून की एंट्री, 9 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

झारखंड में मानसून की एंट्री, 9 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

Johar News Times
2 Min Read

रांची, झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पूर्वी हिस्सों, खासकर संथाल परगना और कोल्हान क्षेत्र में मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं। कई जिलों में बारिश शुरू हो चुकी है, जबकि अगले दो-तीन दिनों में मानसून के पूरे राज्य में फैलने की संभावना है।

इन जिलों में सक्रिय हुआ मानसून
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. अभिषेक आनंद ने बताया कि गोड्डा, देवघर, पूर्वी सिंहभूम और गिरिडीह के कुछ हिस्सों में मानसून सक्रिय हो चुका है। पश्चिम बंगाल में बने गहरे निम्न दबाव क्षेत्र के कारण झारखंड में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं।

9 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने राज्य के नौ जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कोल्हान और संथाल परगना क्षेत्र में सबसे अधिक प्रभाव देखने को मिल सकता है। वहीं रांची समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

जून में सामान्य से कम बारिश के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार इस वर्ष मानसून सामान्य समय की तुलना में थोड़ा विलंब से आगे बढ़ा है। वैज्ञानिकों का मानना है कि जून महीने में राज्य में सामान्य से कम बारिश हो सकती है। हालांकि जुलाई और अगस्त में होने वाली वर्षा मानसून की वास्तविक स्थिति तय करेगी।

किसानों के लिए राहत
मानसून की शुरुआत से किसानों को राहत मिली है। मौसम विभाग ने किसानों को धान की नर्सरी तैयार करने और बिचड़ा लगाने की सलाह दी है। साथ ही खराब मौसम के दौरान लोगों से सतर्क रहने, वज्रपात के समय खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है।

Share This Article