पलामू ,सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो साझा करना पलामू के एक युवक को भारी पड़ गया। इंस्टाग्राम स्टेटस पर देसी कट्टा लहराते हुए तस्वीर पोस्ट करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसकी निशानदेही पर दो देसी हथियार भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार युवक की पहचान हरिहरगंज थाना क्षेत्र के पथरा ओपी अंतर्गत सरसोत गांव निवासी उपेंद्र साव के 19 वर्षीय पुत्र अभय कुमार उर्फ लड्डू के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
स्टेटस पर नजर पड़ते ही हरकत में आई पुलिस
छतरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि दो दिन पहले अभय ने इंस्टाग्राम पर देसी कट्टा के साथ अपनी तस्वीर स्टेटस में लगाई थी। यह फोटो पुलिस की नजर में आने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। गुप्त सूचना मिलने पर पलामू एसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन कर युवक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान अभय की निशानदेही पर सरसोत गांव स्थित बड़की आहर के पास एक कुएं के समीप ईंट के नीचे अखबार में लपेटकर छिपाया गया एक देसी हथियार बरामद किया गया।
कुएं से निकाला गया दूसरा हथियार
पुलिस ने दूसरा हथियार पास के एक अन्य कुएं से बरामद किया। इसके लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कुएं का पानी डीजल पंप की मदद से निकाला गया, जिसके बाद हथियार को बाहर निकाला जा सका।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
हरिहरगंज थाना में आर्म्स एक्ट के तहत कांड संख्या 105/26 दर्ज किया गया है। मामले में अभय कुमार के अलावा एक अज्ञात व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। कार्रवाई में हरिहरगंज थाना और पथरा ओपी की पुलिस टीम के कई अधिकारी और जवान शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हथियारों के स्रोत का भी पता लगाया जा रहा है।
