NEET-UG अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, परीक्षा में मिलेगा 15 मिनट अतिरिक्त समय; रफ वर्क के लिए बढ़ाए गए पेज

NEET-UG अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, परीक्षा में मिलेगा 15 मिनट अतिरिक्त समय; रफ वर्क के लिए बढ़ाए गए पेज

Johar News Times
3 Min Read

नई दिल्ली, मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा पैटर्न में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। नए नियमों के तहत अब अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए 15 मिनट अतिरिक्त समय मिलेगा। साथ ही रफ वर्क के लिए प्रश्न-पत्र बुकलेट में दो की जगह चार पेज उपलब्ध कराए जाएंगे।

अब 3 घंटे 15 मिनट की होगी परीक्षा
एनटीए के अनुसार, नए प्रावधान आगामी परीक्षा से लागू होंगे। संशोधित समय-सारिणी के तहत परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू होकर शाम 5:15 बजे तक चलेगी। पहले परीक्षा की अवधि 3 घंटे थी, जिसे बढ़ाकर 3 घंटे 15 मिनट कर दिया गया है। एनटीए का कहना है कि परीक्षा के दौरान उपस्थिति दर्ज करने, हस्ताक्षर और थंब इं्रेशन जैसी औपचारिकताओं में छात्रों का कुछ समय खर्च हो जाता है। इसी समस्या को देखते हुए परीक्षा अवधि में 15 मिनट की बढ़ोतरी की गई है, ताकि अभ्यर्थियों को प्रश्न हल करने के लिए पर्याप्त समय मिल सके।

रफ वर्क के लिए मिलेंगे चार पेज
परीक्षा बुकलेट के डिजाइन में भी बदलाव किया गया है। पहले रफ वर्क के लिए केवल दो पेज उपलब्ध होते थे, जो बुकलेट के अंतिम हिस्से में दिए जाते थे। अब कुल चार पेज उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें दो पेज प्रारंभिक निर्देशों के बाद और दो पेज बुकलेट के अंत में होंगे। एनटीए के मुताबिक यह व्यवस्था विशेष रूप से फिजिक्स और केमिस्ट्री जैसे विषयों में लंबी गणनाओं के लिए उपयोगी साबित होगी। साथ ही बाएं हाथ से लिखने वाले छात्रों को भी इससे सुविधा मिलेगी। यह व्यवस्था अंग्रेजी समेत सभी क्षेत्रीय भाषाओं के प्रश्न-पत्रों में समान रूप से लागू होगी।

तनाव कम करने पर जोर
एनटीए ने कहा कि परीक्षा पैटर्न में किए गए ये बदलाव छात्रों का तनाव कम करने और उन्हें बेहतर प्रदर्शन का अवसर देने के उद्देश्य से किए गए हैं। एजेंसी का मानना है कि अतिरिक्त समय और रफ वर्क के लिए अधिक स्थान मिलने से परीक्षार्थी अधिक सहजता के साथ परीक्षा दे सकेंगे।

Share This Article