कोडरमा: विधायक डॉ. नीरा यादव के निजी वाहन चालक राजकुमार यादव की हत्या के विरोध में गुरुवार को परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने कोडरमा थाना के पास शव रखकर रांची-पटना मुख्य मार्ग को करीब चार घंटे तक जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आंदोलनकारियों ने कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान के निलंबन और हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। सुबह सात बजे से शुरू हुए जाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जाम स्थल पर विधायक डॉ. नीरा यादव समेत कई जनप्रतिनिधि पहुंचे और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर एसडीओ निर्मल सोरेन के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई संबंधी रिपोर्ट भी डीआईजी को भेजी जा चुकी है।
प्रशासन के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस दौरान जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव ने जिले में बढ़ते अपराध पर चिंता जताते हुए कहा कि गंभीर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
