रांची से 12 वर्षीय जुड़वा बच्चे लापता, 10 दिन बाद भी नहीं मिला सुराग; परिवार ने लगाई मदद की गुहार

रांची से 12 वर्षीय जुड़वा बच्चे लापता, 10 दिन बाद भी नहीं मिला सुराग; परिवार ने लगाई मदद की गुहार

Johar News Times
2 Min Read

रांची: राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से 12 वर्षीय जुड़वा बच्चों के लापता होने का मामला सामने आया है। शालीमार बाजार शौचालय के पास रहने वाली डोली देवी ने अपने दोनों बेटों अर्जुन शर्मा और करण शर्मा के गुम होने की सूचना पुलिस को दी है।

परिजनों के अनुसार, दोनों बच्चे 1 जून 2026 को दोपहर करीब 2 बजे घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। परिवार ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन अब तक दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। मां डोली देवी ने बताया कि बच्चे पहले भी कभी-कभी घर से बाहर चले जाते थे और एक-दो दिन में लौट आते थे, लेकिन इस बार कई दिन बीत जाने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिवार ने धुर्वा थाना में सनहा दर्ज कराते हुए बच्चों को सुरक्षित खोजने की मांग की है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है। परिजनों ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। यदि किसी व्यक्ति को अर्जुन शर्मा और करण शर्मा के संबंध में कोई जानकारी मिले, तो वह तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या बच्चों के परिजनों को सूचना दे सकता है। परिवार को उम्मीद है कि लोगों के सहयोग और पुलिस की सक्रियता से दोनों बच्चे जल्द सुरक्षित मिल जाएंगे।

Share This Article