बागबेड़ा में नशे के कथित सिंडिकेट पर उठे सवाल, ठेकेदार और पुत्र पर लगे गंभीर आरोप; वीडियो सामने आने का दावा

बागबेड़ा में नशे के कथित सिंडिकेट पर उठे सवाल, ठेकेदार और पुत्र पर लगे गंभीर आरोप; वीडियो सामने आने का दावा

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र के संजय नगर में गांजा और ब्राउन शुगर के कथित अवैध कारोबार को लेकर नया विवाद सामने आया है। स्थानीय सूत्रों और क्षेत्रवासियों के बीच चर्चा है कि स्टेशन पार्किंग संचालक ठेकेदार संतोष यादव उर्फ बाबूलाल यादव तथा उनके पुत्र बिट्टू यादव का नाम कथित तौर पर इस नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है। हालांकि, पुलिस या प्रशासन की ओर से अब तक इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सूत्रों के अनुसार, संजय नगर क्षेत्र में कथित रूप से गांजा और ब्राउन शुगर की पैकिंग कर शहर के विभिन्न इलाकों में सप्लाई की जाती है। दावा किया जा रहा है कि इस नेटवर्क का संचालन कुछ स्थानीय युवकों और कथित पैडलरों के माध्यम से किया जाता है।

मामले को लेकर एक वीडियो भी सामने आने का दावा किया जा रहा है, जिसमें कथित पैकिंग और संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने की बात कही जा रही है। हालांकि, वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और इसकी जांच संबंधित एजेंसियों द्वारा किया जाना आवश्यक है। सूत्रों का कहना है कि नशीले पदार्थों की खेप कथित रूप से ओडिशा से जमशेदपुर पहुंचाई जाती है। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन से छोटी-छोटी पुड़ियां तैयार कर विभिन्न इलाकों में भेजी जाती हैं। आरोप है कि सप्लाई के लिए अलग नेटवर्क तैयार किया गया है, जिसमें बाइक और स्कूटी सवार युवकों का इस्तेमाल किया जाता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बागबेड़ा और संजय नगर क्षेत्र में लंबे समय से नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायतें सामने आती रही हैं। क्षेत्रवासियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में जांच पूरी होने और तथ्यों की पुष्टि होने के बाद ही किसी व्यक्ति की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

Share This Article