झारखंड प्रीमियर लीग सीजन-2 में पश्चिम सिंहभूम के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। झारखंड राज्य कबड्डी संघ द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित लीग के लिए जिले के दो प्रतिभावान खिलाड़ियों—उज्जवल पाठक और लक्ष्मण महतो का चयन किया गया है। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पूरे कोल्हान क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।
7 राज्यों के खिलाड़ियों के बीच मारी बाजी
हाल ही में रांची के मोराबादी मैदान में जेपीएल सीजन-2 के लिए भव्य ट्रायल का आयोजन किया गया था। इस ट्रायल में न केवल झारखंड, बल्कि पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली जैसे राज्यों के दिग्गज खिलाड़ियों ने भी हिस्सा लिया था।
कड़े मुकाबले के बीच पश्चिम सिंहभूम से चार खिलाड़ी ट्रायल में शामिल हुए थे। इनमें से उज्जवल पाठक और लक्ष्मण महतो ने अपने शानदार और आक्रामक प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को बेहद प्रभावित किया और लीग में अपनी जगह पक्की की।
11 जून से गढ़वा में सजेगा जेपीएल का रोमांच
झारखंड प्रीमियर लीग सीजन-2 का आयोजन 11 से 14 जून तक गढ़वा के टाउन हॉल में किया जा रहा है। इस महामुकाबले में हिस्सा लेने के लिए दोनों होनहार खिलाड़ी 10 जून को ही चाईबासा से गढ़वा के लिए रवाना हो चुके हैं।
“पश्चिम सिंहभूम के खिलाड़ी लगातार राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। झारखंड प्रीमियर लीग जैसे प्रतिष्ठित मंच पर जिले के दो खिलाड़ियों का चयन पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।” — श्यामल दास, कोल्हान प्रभारी
खेल जगत में खुशी की लहर, दी शुभकामनाएं
खिलाड़ियों की इस बड़ी सफलता पर जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष राहुल तिवारी, सचिव अनु पूर्ति, और दुर्योधन पान समेत खेल जगत से जुड़े कई गणमान्य लोगों ने दोनों को बधाई दी है। सभी ने उम्मीद जताई है कि उज्जवल और लक्ष्मण गढ़वा में अपने बेहतरीन खेल की बदौलत पश्चिम सिंहभूम और पूरे कोल्हान का नाम राज्य स्तर पर रोशन करेंगे।
