जवाहरलाल नेहरू का 4,398 दिनों का रिकॉर्ड तोड़ा; 12 साल पूरे होने पर आज एनडीए की बैठक में होगा अभिनंदन, विकसित भारत-2047 के रोडमैप पर भी मंथन,
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक नया इतिहास रच दिया है। लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाले नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यकाल के 4,399 दिन पूरे कर लिए हैं और इस उपलब्धि के साथ वह भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं।
इससे पहले यह रिकॉर्ड देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के नाम था, जिन्होंने 1952 के पहले आम चुनाव के बाद लगातार 4,398 दिनों तक प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया था। नरेंद्र मोदी का यह लगातार तीसरा कार्यकाल है, जो भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि मानी जा रही है।

एनडीए की बैठक में होगा अभिनंदन
प्रधानमंत्री मोदी के इस रिकॉर्ड और केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में एनडीए संसदीय दल की अहम बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में भाजपा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री तथा गठबंधन के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक में प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देने संबंधी प्रस्ताव पारित किए जाने के साथ-साथ ‘विकसित भारत-2047’ के रोडमैप, केंद्र-राज्य समन्वय, आधारभूत संरचना विकास, सुशासन, ‘ईज ऑफ लिविंग’ और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी।
12 वर्षों में कई ऐतिहासिक फैसले
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में कई बड़े और ऐतिहासिक निर्णय लिए। इनमें डिजिटल इंडिया अभियान, वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू करना, सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक, तीन तलाक कानून, अनुच्छेद 370 की समाप्ति, नया संसद भवन, जी-20 शिखर सम्मेलन का आयोजन, अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा तथा ऑपरेशन सिंदूर जैसे महत्वपूर्ण कदम शामिल हैं। कोरोना महामारी के दौरान देशव्यापी टीकाकरण अभियान और संकट प्रबंधन को भी मोदी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में गिना जाता है।
भारत की वैश्विक पहचान को मिली नई मजबूती
प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में भारत की अंतरराष्ट्रीय भूमिका भी मजबूत हुई है। विभिन्न देशों द्वारा उन्हें अब तक 31 सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रदान किए जा चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया समेत दुनिया के कई देशों की संसदों को संबोधित कर भारत की वैश्विक उपस्थिति को नई पहचान दिलाई।

22 राज्यों तक पहुंचा एनडीए का विस्तार
वर्ष 2014 में जब नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने थे, तब भाजपा और एनडीए की सरकारें केवल 8 राज्यों में थीं। वर्तमान में भाजपा अथवा एनडीए गठबंधन की सरकारें 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह विस्तार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और संगठनात्मक रणनीति का परिणाम माना जा रहा है।
विश्व नेताओं ने दी बधाई
प्रधानमंत्री मोदी के इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड पर दुनिया के कई देशों के नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। विभिन्न राष्ट्राध्यक्षों और प्रधानमंत्रियों ने उनके नेतृत्व, वैश्विक दक्षिण की आवाज को मजबूती देने के प्रयासों तथा भारत को आर्थिक और रणनीतिक रूप से मजबूत बनाने में उनकी भूमिका की सराहना की है। प्रधानमंत्री मोदी की यह उपलब्धि भारतीय राजनीति के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज हो गई है, जिसने उन्हें देश के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में स्थापित कर दिया है।
