रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के सचिव अबूबकर सिद्दीक ने मुलाकात कर उन्हें “झारखंड कृषि व्यापार मेला-2026” के उद्घाटन समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया। मुलाकात के दौरान सचिव ने मुख्यमंत्री को बताया कि 16 जून से 18 जून 2026 तक रांची के मोरहाबादी मैदान में तीन दिवसीय कृषि व्यापार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री से उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का अनुरोध किया।
बताया गया कि मेले में कृषि, पशुपालन और सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी नई तकनीकों, आधुनिक कृषि उपकरणों, नवाचारों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी किसानों को उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही किसानों, कृषि उद्यमियों और विशेषज्ञों के बीच संवाद का मंच भी तैयार किया जाएगा। राज्य सरकार का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से किसानों को आधुनिक खेती की जानकारी मिलेगी तथा कृषि क्षेत्र में नए अवसरों का विस्तार होगा। मेले के माध्यम से कृषि उत्पादन, विपणन और किसानों की आय बढ़ाने के प्रयासों को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
