मुसाबनी: केंद्रीय खान राज्य मंत्री सतीश चन्द्र दुबे कल करेंगे केन्दाडीह खदान का पुनः परिचालन, तैयारियों को लेकर झामुमो की बड़ी बैठक

"रोजगार और विकास की नई इबारत! एचसीएल के मुसाबनी सांद्र संयंत्र विस्तार कार्यक्रम को लेकर झामुमो ने कसी कमर।"

Johar News Times
3 Min Read

हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड, इंडियन कॉपर कॉम्प्लेक्स के तहत केन्दाडीह खदान के दोबारा चालू होने और मुसाबनी सांद्र संयंत्र के क्षमता विस्तार कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में भारी उत्साह है। भारत सरकार के माननीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री श्री सतीश चन्द्र दुबे के आगामी 9 जून को मुसाबनी आगमन को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को झामुमो संपर्क कार्यालय नंबर-1 में प्रखंड अध्यक्ष प्रधान सोरेन की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा और तैयारी बैठक संपन्न हुई।

शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रम में जुटेंगे दिग्गज

बैठक के दौरान बताया गया कि 9 जून को आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक शिलान्यास एवं उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सतीश चन्द्र दुबे के साथ जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री विद्युत वरण महतो और घाटशिला के स्थानीय विधायक श्री सोमेश चन्द्र सोरेन मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, साथ ही कार्यक्रम स्थल पर रिकॉर्ड संख्या में लोगों की उपस्थिति दर्ज कराने का आह्वान किया गया है।

औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को मिलेगी नई उड़ान

बैठक को संबोधित करते हुए झामुमो नेताओं ने कहा कि केन्दाडीह खदान का पुनः परिचालन और मुसाबनी सांद्र संयंत्र की क्षमता में बढ़ोतरी इस पूरे क्षेत्र के लिए एक बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित होगी।

इस परियोजना से न केवल स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, बल्कि क्षेत्र के औद्योगिक विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी एक नई और तेज गति मिलेगी। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को आपस में बेहतर समन्वय बनाकर काम करने का निर्देश दिया गया है।

इस महत्वपूर्ण तैयारी बैठक में प्रखंड अध्यक्ष प्रधान सोरेन के साथ मुख्य रूप से सचिव महेश्वर हांसदा, कोषाध्यक्ष पालू माझी, संजीवन पातर, कान्हु टुडू, हरीश भकत, राम मुर्मू, गणेश टुडू, सोमाय सोरेन, जितेन कमल भट्टाचार्य, विराम मुर्मू, सुधांशु विक्रम, बबलू पातर, मंटू नायक, लखन मुर्मू, जगदीश बास्के, फागू लाल किस्कू, प्रिय नाथ बास्के, चंदन महाली, सुनील माहली, जादूनाथ मार्डी, प्रेम उरांव, दखिन हांसदा और संदीप पातर समेत भारी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद थे।

Share This Article