कोलकाता/फाल्टा: पश्चिम बंगाल पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पूर्व विधायक और फाल्टा के चर्चित नेता जहांगीर खान को नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार कर लिया है। विधानसभा चुनाव के दौरान फाल्टा सीट पर विवादों के केंद्र में रहे जहांगीर खान की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है, जब कोलकाता हाईकोर्ट ने उन्हें मिली अंतरिम सुरक्षा बढ़ाने से इनकार कर दिया था।
जहांगीर खान के खिलाफ हत्या के प्रयास, जबरन वसूली, दंगा भड़काने और अन्य गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। इसके अलावा उन पर मनी लॉन्ड्रिंग का मामला भी दर्ज है, जिसकी जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कर रहा है।
हाईकोर्ट से नहीं मिली राहत, फिर हुई गिरफ्तारी
कोलकाता हाईकोर्ट ने पहले जहांगीर खान को गिरफ्तारी से अंतरिम राहत दी थी। यह सुरक्षा फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान के दौरान 26 मई तक प्रभावी रही। सुरक्षा अवधि समाप्त होने के बाद हाईकोर्ट की अवकाशकालीन पीठ ने राहत बढ़ाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी थी।
विधानसभा चुनाव में बने थे विवाद का केंद्र
फाल्टा विधानसभा सीट पर चुनाव के दौरान कथित अनियमितताओं की शिकायतों के बाद निर्वाचन आयोग ने पुनर्मतदान का आदेश दिया था। उस समय जहांगीर खान टीएमसी उम्मीदवार थे। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने खुद की तुलना फिल्म ‘पुष्पा’ के किरदार से की थी, जिसके बाद वे राजनीतिक और मीडिया चर्चाओं में छा गए थे।

शुभेंदु अधिकारी ने साधा था निशाना
पुनर्मतदान से पहले भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने फाल्टा में एक सभा के दौरान बिना नाम लिए जहांगीर खान पर हमला बोलते हुए उन्हें “कुख्यात अपराधी” बताया था और कहा था कि “पुष्पा” का मामला अब उनकी जिम्मेदारी है।
पुलिस का कहना है कि जहांगीर खान से पूछताछ जारी है और उनके खिलाफ दर्ज सभी मामलों की जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
