9 लाख के बिजली बिल पर भड़का उपभोक्ता, विद्युतकर्मी को पीटकर किया घायल, घायल विद्युतकर्मी रिम्स में भर्ती

9 लाख के बिजली बिल पर भड़का उपभोक्ता, विद्युतकर्मी को पीटकर किया घायल, घायल विद्युतकर्मी रिम्स में भर्ती

Johar News Times
2 Min Read

रांची: जिले के बुढ़मू थाना क्षेत्र में बिजली बिल विवाद हिंसक रूप ले बैठा। शनिवार रात बिजली विभाग के कर्मी राहुल कुमार (28) पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, उमेडंडा निवासी राहुल कुमार शनिवार रात पावर हाउस से अपने कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान नाउज गांव के पास डुंडु गांव निवासी रवि कुमार ने उन्हें रोक लिया। रवि का आरोप था कि उसके नाम पर 9 लाख 10 हजार 663 रुपये का बिजली बिल जारी किया गया है और इसके लिए राहुल जिम्मेदार हैं।

राहुल ने बताया कि उन्होंने उपभोक्ता को समझाया कि यदि बिजली बिल में कोई त्रुटि है तो विभाग में आवेदन देकर जांच कराई जा सकती है। आरोप है कि इसके बावजूद विवाद बढ़ गया और रवि ने अपने गांव से अन्य लोगों को बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर राहुल के साथ मारपीट की। हमले में राहुल के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।

सूचना मिलते ही बुढ़मू पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कर्मी को अस्पताल पहुंचाया। राहुल कुमार की लिखित शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में जुटी है। गौरतलब है कि हाल के दिनों में स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर कई क्षेत्रों में उपभोक्ताओं की नाराजगी सामने आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। ऐसे माहौल में यह घटना चर्चा का विषय बन गई है।

Share This Article