भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में आज समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और जिले के वरीय निर्वाचन पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य एक शुद्ध और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करना है। उन्होंने राजनीतिक दलों और अधिकारियों से समन्वय बनाकर काम करने की अपील करते हुए कहा:
“यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता वोटर लिस्ट में शामिल होने से वंचित न रहे, और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम इसमें अनावश्यक रूप से शामिल न हो। मतदाताओं की मैपिंग पूरी तरह से पारदर्शी और तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए।”
7 अक्टूबर 2026 को होगा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण के शेड्यूल और नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई:
- झारखंड राज्य में इस विशेष पुनरीक्षण के लिए 01 अक्टूबर, 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित किया गया है।
- सभी दावों और आपत्तियों के निष्पादन के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 07 अक्टूबर, 2026 को किया जाएगा।
- बैठक में वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने संबंधी तकनीकी जानकारी भी साझा की गई, ताकि अनमैप्ड मतदाताओं को आसानी से जोड़ा जा सके।
10 जून तक BLA की सूची सौंपने का निर्देश
चुनाव आयोग के इस विशेष अभियान में बूथ लेवल ऑफिसर और बूथ लेवल एजेंट की भूमिका को सबसे महत्वपूर्ण बताया गया। उपायुक्त ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने स्तर से सभी बूथों पर BLA की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करें और उनकी फाइनल लिस्ट आगामी 10 जून, 2026 तक जिला निर्वाचन कार्यालय को अनिवार्य रूप से उपलब्ध करा दें।
चलाया जाएगा व्यापक जनजागरूकता अभियान
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि वोटर लिस्ट को शुद्ध और समावेशी बनाना केवल निर्वाचन विभाग का काम नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक अभियान है। इसके लिए स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार और जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को आवश्यक दस्तावेजों और नियमों की जानकारी मिल सके और वे समय पर इस प्रक्रिया का हिस्सा बन सकें।
इस बैठक में मुख्य रूप से खरसावां विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची निबंधन पदाधिकारी-सह-अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी श्री अभिनव प्रकाश सहित विभिन्न दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
