खरसावां: सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां थाना परिसर में विदाई-सह-स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पूर्व थाना प्रभारी गौरव कुमार को विदाई दी गई, जबकि नवपदस्थापित थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह का स्वागत किया गया। गौरव कुमार का तबादला चौका थाना प्रभारी के रूप में हुआ है। उनके दो वर्षों के कार्यकाल की सभी ने सराहना की। अपने संबोधन में गौरव कुमार ने कहा कि खरसावां उनका पहला थाना प्रभारी पदस्थापन था, जहां उन्हें कार्य करने का महत्वपूर्ण अनुभव मिला। उन्होंने जनता और सहकर्मियों के सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि यहां से उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला।
नए थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने कहा कि वे जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करेंगे। थाना परिसर हमेशा आम लोगों के लिए खुला रहेगा और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी।
कार्यक्रम में मौजूद बीडीओ प्रधान माझी ने कहा कि खरसावां थाना अपनी बेहतर कार्यशैली के लिए जाना जाता है और कई मामलों में राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुका है। उन्होंने गौरव कुमार को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे चौका थाना क्षेत्र में भी बेहतर कार्य करेंगे।
समारोह के अंत में अतिथियों और पुलिस अधिकारियों को शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मौके पर एसआई प्रकाश कुमार, आलोक दास, मो. दिलदार, पिनाक रंजन, नयन नायक, धनंजय चौधरी, अमित साहू, उमेश बोदरा और अभिलाष ज्योतिषी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।
