अवैध वेंडरों से वसूली के आरोपों पर बड़ी कार्रवाई, चक्रधरपुर रेल मंडल में मचा हड़कंप,
राउरकेला/चक्रधरपुर : रेलवे सुरक्षा बल (RPF) में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राउरकेला आरपीएफ थाना प्रभारी कमलेश समादार को हिरासत में ले लिया है। इससे पहले सीबीआई ने उनके कथित करीबी और बिचौलिए अजय मिश्रा को एक अवैध वेंडर से 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। सूत्रों के अनुसार, कमलेश समादार के खिलाफ पिछले करीब पांच महीनों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं। आरोप था कि अवैध वेंडरों से संरक्षण के नाम पर रिश्वत वसूली की जा रही है। शिकायतों की जांच के बाद सीबीआई ने मामला दर्ज कर कार्रवाई तेज की और थाना प्रभारी के खिलाफ वारंट जारी किया।
घर पहुंची CBI, हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा
जानकारी के मुताबिक, जब सीबीआई की टीम कमलेश समादार के आवास पर पहुंची तो कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। परिवार के कुछ सदस्यों ने टीम के प्रवेश का विरोध किया, जिससे कार्रवाई में बाधा उत्पन्न हुई। हालांकि कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए सीबीआई अधिकारियों ने घर में प्रवेश किया और थाना प्रभारी को हिरासत में ले लिया।
रेल मंडल में मचा हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद चक्रधरपुर रेल मंडल और रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। सीबीआई अब रिश्वतखोरी के पूरे नेटवर्क, अवैध वेंडरों से वसूली और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच कर रही है। सूत्रों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। CBI की इस कार्रवाई को रेलवे में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।
