रांची में पीएलएफआई पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 50 लाख की लेवी लेने पहुंचे दो उग्रवादी गिरफ्तार

रांची में पीएलएफआई पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 50 लाख की लेवी लेने पहुंचे दो उग्रवादी गिरफ्तार

Johar News Times
2 Min Read

सफायर स्कूल के पास पुलिस ने बिछाया जाल, पर्चे, मोबाइल और बाइक बरामद; अन्य आरोपियों की तलाश जारी,

रांची: रांची पुलिस को प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने संगठन के लिए लेवी वसूलने पहुंचे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के पास से संगठन से जुड़े पर्चे, मोबाइल फोन और एक अपाची बाइक बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, नगड़ी थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति से पीएलएफआई के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और तकनीकी व गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। जांच के दौरान सूचना मिली कि लेवी की रकम लेने के लिए दो युवक तुपुदाना स्थित सफायर स्कूल के पास आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में जाल बिछाया और छापेमारी कर अपाची बाइक से पहुंचे अरुण लोहरा और सूरज लोहरा को धर दबोचा।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने लेवी की राशि लेने आने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उनके कब्जे से पीएलएफआई के पर्चे, मोबाइल फोन और इस्तेमाल की जा रही बाइक जब्त कर ली है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई को रांची पुलिस की उग्रवाद विरोधी मुहिम में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Share This Article