रामगढ़ में मछली व्यवसायी के बेटे से मारपीट का आरोप, 500 रुपये मांगने के वायरल वीडियो पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लिया संज्ञान

रामगढ़ में मछली व्यवसायी के बेटे से मारपीट का आरोप, 500 रुपये मांगने के वायरल वीडियो पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लिया संज्ञान

Johar News Times
2 Min Read

रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में गोला थाना पुलिस पर 500 रुपये नहीं देने पर एक मछली व्यवसायी के बेटे के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले का संज्ञान लेते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, गोला-मुरी रोड स्थित पूरबडीह फुटबॉल मैदान के पास गुरुवार को गोला थाना पुलिस वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान मछली व्यवसायी के बेटे के साथ कथित तौर पर मारपीट किए जाने और 500 रुपये की मांग करने का आरोप सामने आया। परिजनों का दावा है कि घटना के कारण वाहन में रखी लाखों रुपये मूल्य की मछलियां समय पर तालाब तक नहीं पहुंच सकीं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। मामले से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तत्काल हस्तक्षेप किया। उन्होंने रामगढ़ पुलिस और झारखंड पुलिस को टैग करते हुए स्पष्ट कहा कि ऐसी घटनाएं किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने रामगढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक रंजन को जांच की जिम्मेदारी सौंप दी है। पुलिस अधीक्षक ने जांच रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। साथ ही जिले के सभी थाना प्रभारियों को वाहन जांच के दौरान संवेदनशील, शालीन और पेशेवर व्यवहार अपनाने की हिदायत दी गई है। रामगढ़ पुलिस ने मुख्यमंत्री को सोशल मीडिया के माध्यम से अवगत कराया है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं, जबकि प्रशासन निष्पक्ष जांच का भरोसा दिला रहा है।

Share This Article