प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 जून को भारतीय राजनीति में एक नया इतिहास रचने जा रहे हैं। वह लोकतांत्रिक तरीके से निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे समय तक लगातार पद पर रहने वाले प्रधानमंत्री बन जाएंगे। इसके साथ ही वह पंडित जवाहरलाल नेहरू के लगातार कार्यकाल का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ देंगे।
भारतीय जनता पार्टी को 2014 के लोकसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत दिलाने के बाद नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। 10 जून 2026 तक उनका लगातार कार्यकाल 4,399 दिनों का हो जाएगा, जो पंडित जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड से एक दिन अधिक है।
पंडित जवाहरलाल नेहरू 13 मई 1952 को लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित प्रधानमंत्री बने थे और 27 मई 1964 को निधन तक लगातार प्रधानमंत्री पद पर रहे। हालांकि, वह 15 अगस्त 1947 से भी देश के प्रधानमंत्री थे, लेकिन वह कार्यकाल स्वतंत्रता के बाद की अंतरिम व्यवस्था का हिस्सा था।
लगातार कार्यकाल के मामले में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 24 जनवरी 1966 से 24 मार्च 1977 तक लगातार 4,077 दिनों तक प्रधानमंत्री पद संभाला था।
नरेंद्र मोदी की इस उपलब्धि को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक पड़ाव माना जा रहा है, जहां वह लगातार जनादेश के आधार पर सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन जाएंगे।
