कई लोगों के दिन की शुरुआत बिना चाय के अधूरी होती है। सुबह आंख खुलते ही सबसे पहले चाय की प्याली याद आती है, तो वहीं कुछ लोग दिनभर की थकान मिटाने के लिए शाम की चाय का सहारा लेते हैं। ऑफिस का ब्रेक हो, दोस्तों की महफिल या घर की बातचीत—चाय हर मौके पर फिट बैठती है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि सेहत के लिहाज से चाय पीने का सही समय कौन-सा है? सुबह की चाय ज्यादा फायदेमंद है या शाम की? एक्सपर्ट्स का मानना है कि इसका जवाब आपकी जरूरत और शरीर की स्थिति पर निर्भर करता है। आइए जानते हैं इसके पीछे का पूरा गणित।
सुबह की चाय: एनर्जी और फोकस का पावरहाउस
विशेषज्ञों के मुताबिक, सुबह के समय पी गई चाय शरीर को एक्टिव करने और दिमाग को जगाने का काम करती है।
- फोकस बढ़ाती है: चाय में मौजूद कैफीन आपको तरोताजा महसूस कराता है और काम पर ध्यान लगाने में मदद करता.है।
- मेटाबॉलिज्म बूस्ट: अगर आप सुबह ग्रीन-टी पीते हैं, तो इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाते हैं। इसके अलावा मसाला चाय और ब्लैक-टी भी सुबह ऊर्जा देने में कारगर हैं।
बरतें यह सावधानी:
डाइटिशियन के अनुसार, सुबह कभी भी खाली पेट बहुत कड़क या तेज चाय नहीं पीनी चाहिए। इससे एसिडिटी, पेट में जलन या बेचैनी हो सकती है। चाय हमेशा नाश्ते के साथ या किसी हल्के स्नैक्स के बाद ही लें। सुबह के समय अदरक, नींबू या हर्बल-टी पीना पाचन के लिए ज्यादा बेहतर विकल्प है।
शाम की चाय: थकान मिटाने और सुकून पाने का जरिया
दिनभर की भागदौड़ और ऑफिस के स्ट्रेस के बाद शाम की चाय कई लोगों के लिए ‘रिलैक्सेशन थेरेपी’ की तरह होती है। लेकिन शाम के वक्त चाय चुनते समय थोड़ी सावधानी जरूरी है।
- कैफीन से बचें: देर शाम ज्यादा कैफीन या कड़क चाय पीने से आपकी नींद प्रभावित हो सकती है और रात को बेचैनी हो सकती है।
- हर्बल चाय है बेस्ट ऑप्शन: शाम के समय नॉर्मल दूध वाली चाय की जगह हर्बल-टी को प्राथमिकता दें।
- कैमोमाइल टी: शरीर को रिलैक्स करती है और रात को अच्छी नींद लाने में मददगार है।
- पेपरमिंट टी: पाचन क्रिया को दुरुस्त करती है और ब्लोटिंग (पेट फूलना) की समस्या से राहत देती है।
- तुलसी की चाय: यह तनाव (Stress) को कम करती है और इम्यूनिटी को मजबूत बनाती है।
तो आखिर कब पी जाए चाय?
विशेषज्ञों का कहना है कि चाय पीने का कोई एक ‘परफेक्ट’ समय तय नहीं है; यह पूरी तरह आपकी जरूरत पर निर्भर करता है:
- अगर आपको वर्क मोड ऑन करने के लिए एनर्जी और फोकस चाहिए, तो सुबह की चाय आपके लिए बेस्ट है।
- अगर आप दिनभर की थकान के बाद खुद को शांत और रिलैक्स करना चाहते हैं, तो शाम की हर्बल-टी एक बेहतरीन विकल्प है।
चाय का फायदा तभी तक है जब तक इसे सीमित मात्रा में पिया जाए। बहुत अधिक चाय पीने से शरीर में डिहाइड्रेशन (पानी की कमी), भयंकर एसिडिटी और अनिद्रा (Insomnia) जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
