कोडरमा मंडल कारा में अवैध वसूली के आरोपों की जांच तेज, पांच घंटे तक चली विशेष टीम की पड़ताल

कोडरमा मंडल कारा में अवैध वसूली के आरोपों की जांच तेज, पांच घंटे तक चली विशेष टीम की पड़ताल

Johar News Times
2 Min Read

कोडरमा: मंडल कारा में बंदियों से कथित अवैध वसूली के मामले की जांच अब तेज हो गई है। जेल आईजी सुदर्शन मंडल के निर्देश पर गठित दो सदस्यीय जांच टीम ने गुरुवार को जेल पहुंचकर करीब पांच घंटे तक विभिन्न पहलुओं की गहन पड़ताल की।

जांच टीम में रांची जेल प्रशासन के निदेशक ज्ञान शंकर जायसवाल और हजारीबाग केंद्रीय कारा के अधीक्षक चंद्रशेखर प्रसाद सुमन शामिल थे। अधिकारियों ने जेल के भीतर कई बंदियों से अलग-अलग बातचीत कर उनके बयान दर्ज किए। साथ ही मुलाकात रजिस्टर समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की गई। कुछ अहम दस्तावेज टीम अपने साथ भी ले गई है।

सूत्रों के अनुसार, शिकायतकर्ताओं और बंदियों की ओर से ऑनलाइन भुगतान से जुड़े स्क्रीनशॉट भी जांच टीम को सौंपे गए हैं, जिन्हें आरोपों के महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में देखा जा रहा है। जांच के दौरान मुलाकात के नाम पर कथित उगाही और जेल के भीतर नशीले पदार्थों की उपलब्धता से जुड़े आरोप भी जांच के दायरे में रहे।

मामले में जांच के केंद्र में रहे प्रभारी जेलर प्रेम कुमार के अवकाश पर होने की भी चर्चा रही। अधिकारियों ने बताया कि बंदियों के बयान, दस्तावेजों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसे जेल आईजी को सौंपा जाएगा। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।

Share This Article