जमशेदपुर: ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए सांसद बिद्युत बरण महतो ने बहरागोड़ा प्रखंड के पाथरा पंचायत अंतर्गत पाथरा और बेहेड़ा गांव में सांसद निधि से स्वीकृत विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। विधिवत पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर योजनाओं की शुरुआत की गई। इसके तहत पाथरा गांव में सर्वसुविधायुक्त ग्राम चौपाल तथा बेहेड़ा गांव में सामुदायिक शेड का निर्माण कराया जाएगा। इन संरचनाओं के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना का विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों से गांवों में विकास कार्यों को गति दी जा रही है, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा। सांसद ने ग्रामीणों से विकास योजनाओं के संरक्षण और बेहतर उपयोग में भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकता है। ग्रामीणों ने भी क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों पर खुशी जताते हुए सांसद के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि गौरव पुष्टि, भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल कांत सिंह, चिन्मय नायक, ग्राम प्रधान मिर्जा हांसदा, मोहन लाल हेंब्रम, सुशील पाईक, हाबल गिरि, मुक्ति पद गिरि, प्रबीर जाना, दिबाकर नायक, सत्य किंकर जाना, मदन महाकुड़, अमल महाकुड़, श्यामा पद गिरी, निमाई गिरि, मानस महाकुड़, साधु नायेक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
