मुसाबनी के ऐतिहासिक कंपनी तालाब को पर्यटन हब बनाने की मांग तेज, मंत्री ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट

मुसाबनी के ऐतिहासिक कंपनी तालाब को पर्यटन हब बनाने की मांग तेज, मंत्री ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट

Johar News Times
2 Min Read

रांची/मुसाबनी: पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी स्थित हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) के इंडियन कॉपर कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में मौजूद ऐतिहासिक कंपनी तालाब के विकास और सौंदर्यीकरण की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। इस संबंध में ताम्र नगरी सुरक्षा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को ज्ञापन सौंपकर तालाब को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की मांग की।

समिति के संगठन मंत्री राजा कर्मकार के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि करीब 36 एकड़ क्षेत्र में फैला कंपनी तालाब मुसाबनी क्षेत्र की पहचान रहा है, लेकिन वर्षों से उपेक्षा के कारण इसकी स्थिति खराब होती जा रही है। तालाब के आसपास सफाई, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ज्ञापन में तालाब की सफाई, चारदीवारी निर्माण, झाड़ियों और कचरे की नियमित निकासी, वॉकिंग ट्रैक, बच्चों के खेल क्षेत्र, बोटिंग सुविधा, सोलर स्ट्रीट लाइट, पिकनिक स्पॉट तथा सामुदायिक भवन निर्माण जैसी मांगें रखी गई हैं। समिति का कहना है कि यदि तालाब का समग्र विकास किया जाता है तो बंद पड़े खनन क्षेत्र में पर्यटन आधारित रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को याद दिलाया कि घाटशिला उपचुनाव के दौरान उन्होंने स्वयं कंपनी तालाब का निरीक्षण कर इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की बात कही थी। इस पर मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि कंपनी तालाब के विकास को लेकर सरकार गंभीर है। उन्होंने अपने विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए पूर्वी सिंहभूम उपायुक्त से तालाब की वर्तमान स्थिति और विकास की संभावनाओं पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हर अपडेट के लिये जुड़े रहें – ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और पोर्टल को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com

Share This Article