ग्रामीण क्षेत्र पोटका प्रखंड के हल्दीपोखर पश्चिम इलाके में पिछले कुछ समय से खराब बिजली ट्रांसफार्मर के कारण ग्रामीणों को इस भीषण गर्मी में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप होने से स्थानीय लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया था। जैसे ही इस गंभीर समस्या की सूचना स्थानीय विधायक संजीव सरदार को मिली, उन्होंने तुरंत सक्रियता दिखाई। विधायक ने बिजली विभाग के आला अधिकारियों से संपर्क कर तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाने के कड़े निर्देश दिए।
विधायक के निर्देश पर विभाग ने दिखाई तत्परता
विधायक संजीव सरदार के निर्देश के बाद बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी तुरंत हरकत में आए। विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हल्दीपोखर पश्चिम क्षेत्र में दो नए बिजली ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिए। नए ट्रांसफार्मर लगने और चालू होने के बाद क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति पूरी तरह बहाल हो गई है, जिससे इस भीषण गर्मी में तड़प रहे हजारों ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों का कहना है कि विधायक की तत्परता और सक्रियता के कारण ही इस बड़ी समस्या का इतनी जल्दी समाधान हो पाया।
“हेमंत सरकार आम लोगों की बुनियादी सुविधाओं को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। चाहे सड़क हो, पानी हो या बिजली, ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और जनसमस्याओं के समाधान का काम बिना रुके जारी रहेगा।” — संजीव सरदार, विधायक (पोटका)
जनसमस्याओं को लेकर हमेशा गंभीर रहते हैं विधायक
ट्रांसफार्मर स्थापना के दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने कहा कि विधायक संजीव सरदार हमेशा से क्षेत्र की छोटी-बड़ी समस्याओं को लेकर गंभीर रहते हैं। जनहित का कोई भी मुद्दा हो, वे तुरंत उस पर संज्ञान लेते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
स्थानीय लोगों ने जताया आभार
इस बिजली आपूर्ति बहाल होने के मौके पर हल्दीपोखर पश्चिम के पूर्व मुखिया सैयद जबीउल्लाह, झामुमो पंचायत अध्यक्ष रिजू, सैयद समीउल्लाह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे। सभी ने समय पर समस्या का समाधान कराने के लिए विधायक संजीव सरदार और बिजली विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
