जमशेदपुर/घाटशिला। दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) के चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी और अव्यवस्थित संचालन के खिलाफ यात्रियों का आक्रोश अब सड़क पर उतरने जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर ‘रेल यात्री संघर्ष समिति’ ने रविवार, 24 मई को घाटशिला में विशाल हस्ताक्षर अभियान आयोजित करने की घोषणा की है। यह कार्यक्रम शाम साढ़े चार बजे से शुरू होगा।
समिति के संयोजक शिव शंकर सिंह ने बताया कि रोजाना ट्रेनों के घंटों विलंब से चलने के कारण यात्रियों, छात्रों, मरीजों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी के विरोध में शांतिपूर्ण तरीके से रेलवे प्रशासन तक आम जनता की आवाज पहुंचाने के लिए यह हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
इस कार्यक्रम को राजनीतिक समर्थन भी मिल रहा है। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय इस अभियान में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे, जिससे आंदोलन को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
कार्यक्रम की तैयारियों के तहत शनिवार को समिति की एक टीम ने घाटशिला का दौरा किया। इस टीम में सुबोध श्रीवास्तव, नीरज सिंह, अमित शर्मा, राहुल पांडे और स्वारिक राज शुक्ला शामिल थे। टीम ने घाटशिला स्टेशन के सामने स्थल का चयन कर स्थानीय दुकानदारों और यात्रियों से भी संपर्क कर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। आयोजन स्थल घाटशिला स्टेशन के ठीक सामने निर्धारित किया गया है, ताकि अधिक से अधिक यात्री और स्थानीय लोग इसमें भाग लेकर रेलवे की व्यवस्था के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करा सकें। समिति का कहना है कि हस्ताक्षर अभियान के बाद एक ज्ञापन रेलवे के उच्च अधिकारियों को सौंपा जाएगा।
