पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित रामपुर गांव के चौधरी टोला में जमीन विवाद को लेकर हिंसक झड़प में 28 वर्षीय सिकंदर चौधरी की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि 16 वर्षीय यशवंत कुमार, संजय चौधरी, सकेंद्र चौधरी और उदय चौधरी घायल हो गए। सभी घायलों को एमएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
पीड़ितों के अनुसार गांव के दूसरे टोला से 25-30 लोग हथियार और लाठी-डंडों के साथ पहुंचे और मारपीट के बाद फायरिंग की। इससे पहले सुबह आरोपी पक्ष ने विधवा महिला सुशीला कुंवर के निर्माणाधीन मकान को यह कहते हुए गिरा दिया था कि जमीन उनकी है। दोपहर में आरोपी बाइक और चारपहिया वाहनों से लौटे और वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस आरोपी मंटू सिंह और उसके साथियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। स्थानीय विधायक आलोक चौरसिया ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की, जबकि सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
