गोमिया के पूर्व विधायक माधव लाल सिंह को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई, जनसैलाब उमड़ा

गोमिया के पूर्व विधायक माधव लाल सिंह को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई, जनसैलाब उमड़ा

Johar News Times
2 Min Read

गोमिया के पूर्व विधायक एवं बिहार-झारखंड के पूर्व मंत्री स्वर्गीय माधव लाल सिंह को गुरुवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। गोमिया प्रखंड के साड़म स्थित बोकारो नदी तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां अंतिम यात्रा और अंत्येष्टि में भारी संख्या में लोग शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में अपने लोकप्रिय जननेता को विदाई देने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा और माहौल अत्यंत भावुक हो गया। श्मशान घाट पर सशस्त्र बलों द्वारा दिवंगत नेता को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और राजकीय सम्मान के साथ सलामी दी गई।

अंतिम सम्मान प्रक्रिया पूरी होते ही पूरा साड़म क्षेत्र “गोमिया का एक लाल कैसा हो- माधव लाल जैसा हो”, “माधव लाल अमर रहें” और “माधव बाबू अमर रहें” के नारों से गूंज उठा। समर्थकों और स्थानीय लोगों की आंखें नम दिखीं।

इस दौरान झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद, बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कुमार महेश सिंह, झामुमो जिलाध्यक्ष रतनलाल मांझी, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे। मौके पर एसडीपीओ बेरमो बीएन सिंह, गोमिया बीडीओ महादेव कुमार महतो और सीओ आफताब आलम सहित कई अधिकारी भी उपस्थित रहे।

माधव लाल सिंह को क्षेत्र में एक जननेता, गरीबों की आवाज और सामाजिक सरोकारों से जुड़े नेता के रूप में जाना जाता था। उनके निधन से गोमिया सहित पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़ ने यह भी दर्शाया कि वे आज भी लोगों के दिलों में गहरी जगह रखते हैं।गौरतलब है कि माधव लाल सिंह का बुधवार को रांची के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में शोक की स्थिति बनी हुई है।

ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article