जमशेदपुर के चर्चित गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी यशराज सिंह को देहरादून पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर देहरादून पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। हत्या के बाद से वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस पूछताछ में यशराज ने कई अहम खुलासे किए हैं। उसने बताया कि दिसंबर 2025 में ही नोएडा और दिल्ली में विक्रम शर्मा की हत्या की योजना बनाई गई थी, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण आरोपी अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके। इसके बाद देहरादून में एक जिम के बाहर रेकी कर हत्या की साजिश को अंजाम दिया गया। आरोपियों ने देहरादून के जिम इलाके को “सेफ जोन” मानकर वारदात को अंजाम दिया।
जांच में सामने आया कि यशराज ने ही शूटरों को रांची से दिल्ली भेजने के लिए पेटीएम के जरिए फ्लाइट टिकट और अन्य खर्चों का भुगतान किया था। हत्या में इस्तेमाल स्कूटी और होटल के बिल भी यूपीआई के माध्यम से चुकाए गए थे। आरोपियों के ठहरने और फरार होने की पूरी व्यवस्था भी यशराज ही संभाल रहा था। हत्या के बाद यशराज पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में अपनी बुआ के घर छिप गया था। बाद में पुलिस से बचने के लिए लगातार अलग-अलग जगहों पर ठिकाना बदलता रहा। पुलिस को सूचना मिली कि वह अपने पिता के वकील से सलाह लेने सहारनपुर पहुंचा है, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में यशराज ने बताया कि उसने यह हत्या विशाल सिंह के कहने पर करवाई। उसने बताया कि वर्ष 2024 से वह टाटानगर स्टेशन पर चिप्स, केक, बिस्कुट और नमकीन सप्लाई का काम करता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात विशाल सिंह से हुई थी। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में आकाश प्रसाद, जीतेंद्र साहू, अंकित वर्मा और मोहित उर्फ अक्षय ठाकुर भी शामिल थे। सभी आरोपियों ने मिलकर विक्रम शर्मा की हत्या की साजिश रची और गोली मारकर हत्या कर दी। करीब एक महीने तक यशराज और अंकित वर्मा देहरादून में विक्रम शर्मा की गतिविधियों पर नजर रखते रहे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के दिन विशाल सिंह और आशुतोष स्कॉर्पियो वाहन से देहरादून पहुंचे थे। वहां रेकी कर रहे आरोपियों से मुलाकात के बाद जीतेंद्र साहू की बाइक का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, विक्रम शर्मा रेलवे क्षेत्र और कई ठेकों में हस्तक्षेप कर रहे थे, जिससे आरोपियों के काम प्रभावित हो रहे थे। इसी विवाद के कारण हत्या की साजिश रची गई थी।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com
