हजारीबाग पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 39 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला

हजारीबाग पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 39 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला

Johar News Times
3 Min Read

झारखंड के हजारीबाग जिले में विधि-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी आदेश के अनुसार जिले के 39 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस बदलाव के तहत कई थाना प्रभारियों, अंचल निरीक्षकों और सहायक अवर निरीक्षकों को अलग-अलग थानों और अंचलों में पदस्थापित किया गया है।

कई प्रमुख थानों में हुआ बदलाव

तबादला सूची में सदर, विष्णुगढ़, बरही, पेलावल, दारू, चरही, केरेडारी, चौपारण, कटकमदाग, बरकठा, मुफ्फसिल, लोहसिंघना और महिला थाना समेत कई महत्वपूर्ण थाना क्षेत्र शामिल हैं। कई अधिकारियों को वर्तमान जिम्मेदारी से हटाकर दूसरे अंचलों में भेजा गया है, जबकि पुलिस केंद्र से भी कई पदाधिकारियों की विभिन्न थानों में प्रतिनियुक्ति की गई है।

इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

जारी आदेश के मुताबिक पुलिस निरीक्षक चन्द्रशेखर कुमार को बरही अंचल से सदर थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं सुभाष सिंह को सदर थाना से विष्णुगढ़ थाना भेजा गया है। सपन कुमार महथा को विशेष कार्य बल प्रभारी से बरही अंचल की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि अनिल कुमार को विष्णुगढ़ से पेलावल अंचल में पदस्थापित किया गया है।

इसके अलावा शाहिद रजा को बड़कागांव अंचल, बिमल लकड़ा को दारू अंचल तथा अमित खाखा को साइबर थाना में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सहायक अवर निरीक्षकों और थाना प्रभारियों में भी व्यापक बदलाव किए गए हैं। अजीत कुमार-01 को चरही थाना, नेमधारी रजक को केरेडारी थाना, सरोज सिंह चौधरी को दारू थाना, मुकेश कुमार सिंह को कोर्रा थाना तथा राणा भानु प्रताप सिंह को कटकमदाग थाना भेजा गया है।

महिला पुलिस पदाधिकारियों को भी नई तैनाती

महिला पुलिस पदाधिकारियों में कुमारी राधा रागनी को बरही महिला थाना और किरण कच्छयप को सदर महिला थाना में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

तत्काल योगदान देने का निर्देश

पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी आदेश में सभी स्थानांतरित पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल अपने वर्तमान थाना और ओपी का प्रभार सौंपकर नई जगह पर योगदान देने को कहा गया है। साथ ही अनुपालन प्रतिवेदन भी समर्पित करने का निर्देश जारी किया गया है।

Share This Article